'अभी मुहूर्त अच्छा नहीं', कांग्रेस पार्टी के नए अध्यक्ष का चुनाव फिर टला
कांग्रेस के नए अध्यक्ष का चुनाव 21 सितंबर तक होना था, जो अब टल गया है. इसके दो कारण बताए गए हैं.

कांग्रेस पार्टी के नए अध्यक्ष का चुनाव (Congress Presidential Election) एक बार फिर टाल दिया गया है. NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस पार्टी से जुड़े कुछ सूत्रों ने अध्यक्ष पद का चुनाव टलने की दो वजहें बताई हैं. एक तो राहुल गांधी (Rahul Gandhi) अभी अध्यक्ष बनने के लिए राजी नहीं हैं और दूसरा अक्टूबर में त्योहारों के शुरू होने से पहले का समय अशुभ है. ऐसे में चुनाव का फैसला फिलहाल के लिए टाल दिया गया है.
कांग्रेस से जुड़े इन सूत्रों का कहना है कि पार्टी के नए मुखिया का चुनाव दिवाली यानी 24 अक्टूबर तक करा लिया जाएगा. हालांकि, अभी तक पार्टी नेता कहते आ रहे थे कि अध्यक्ष पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया 20 अगस्त से 21 सितंबर के बीच पूरी कर ली जाएगी.
ये भी बताया जा रहा है कि 28 अगस्त को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की एक मीटिंग होगी है, जिसमें नए चुनावी कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा. इस मीटिंग में सोनिया और राहुल गांधी के साथ प्रियंका भी वर्चुअली जुड़ेंगी. ऐसा इसलिए क्योंकि सोनिया गांधी अपना चेकअप कराने के लिए विदेश गई हुई हैं और उनके साथ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी हैं.
Sonia Gandhi क्यों पद छोड़ना चाहती हैं?2019 लोकसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार के बाद वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने पार्टी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था. कई बार मनाने के बाद भी वो अध्यक्ष बनने को तैयार नहीं हुए. इसके बाद सोनिया गांधी के नाम पर सहमति बनी और 17 सालों तक पार्टी की जिम्मेदारी संभालने के बाद एक बार फिर उन्होंने ये जिम्मेदारी अपने कंधों पर ले ली. लेकिन, बीते कुछ महीनों से उनकी तबीयत सही न होने के चलते वो अब और इस जिम्मेदारी को निभाना नहीं चाहतीं.
उधर, राहुल गांधी अभी भी अध्यक्ष पद संभालने को तैयार नहीं हैं. कांग्रेस के कुछ नेताओं का कहना है कि वो और समय लेकर मंथन करना चाहते हैं.
Ashok Gehlot के नाम की चर्चाकांग्रेस के अध्यक्ष पद की रेस में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का नाम भी शामिल बताया जा रहा है. कहा जा रहा है कि पार्टी चाहती है कि वो आगे आकर ये जिम्मेदारी संभाल लें. मंगलवार, 23 अगस्त को गहलोत ने दिल्ली में सोनिया गांधी से मुलाकात की थी. इसके बाद कहा गया कि सोनिया ने उन्हें अध्यक्ष पद संभालने का प्रस्ताव दिया. हालांकि, अशोक गहलोत ने इन खबरों का खंडन किया. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए नाम चलने के सवाल पर गहलोत ने मीडिया से कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए उनका नाम तो मीडिया ने चला दिया है, जबकि उनसे ऐसी कोई चर्चा नहीं की गई है.
वीडियो देखें : मनीष सिसोदिया और दिल्ली सरकार पर खतरे को लेकर अरविंद केजरीवाल राजघाट पहुंचे तो क्या हुआ?

