PM मोदी ने फ़िल्मों पर जो कहा है, 'बॉयकॉट गैंग' को चुभ जाएगा!
मीटिंग में मोदी ने ग़लत बयानबाजी न करने की भी बात कही.

आज, 17 जनवरी को दिल्ली में हो रही BJP की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक का आख़िरी दिन था. इसी बैठक में पीएम मोदी (PM Narendra Modi) का संबोधन भी हुआ. PM मोदी ने फ़िल्मों को बॉयकॉट (#BoycottBollywood) करने वालों को भी नसीहत दी. कहा कि हम सारे दिन काम करते हैं और कुछ लोग किसी फ़िल्म पर बयान दें देते हैं, उसके बाद सारे दिन टीवी और मीडिया में वो ही चलता हैं. बेवजह के बयानों से बचना चाहिए.
आजतक में छपी रिपोर्ट के मुताबिक़, अपने संबोधन में PM ने पार्टी के नेताओं को मुस्लिम समाज से मेलजोल बढ़ाने और ग़लत बयानबाजी न करने की भी बात कही.
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया गया है. बतौर अध्यक्ष नड्डा का कार्यकाल जून, 2024 तक रहेगा. यानी कि अगला लोकसभा चुनाव बीजेपी नड्डा के नेतृत्व में ही लड़ेगी. आने वाले चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी पार्टी के नेताओं को ओवर कॉन्फिडेंस यानी अति आत्मविश्वास से बचने की सलाह दी. कहा कि ये सोचना कि 'मोदी आएंगे, जीत जाएंगे' इससे काम नहीं चलेगा.
सुनील शेट्टी की बात सुन ली गई?कुछ दिन पहले UP के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिनों की यात्रा पर मुंबई में थे. उन्होंने तमाम फिल्मी हस्तियों से मुलाक़ात भी की. इस मीटिंग का एजेंडा उत्तर प्रदेश फिल्म सिटी में शूटिंग और इनवेस्टमेंट से जुड़ा हुआ था. मगर सुनील शेट्टी ने इस मौक़े पर योगी आदित्यनाथ के सामने #BoycottBollywood ट्रेंड समेत फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी अपनी तमाम शिकायतें रखीं. उन्होंने कहा कि पूरी इंडस्ट्री ड्रग्स लेकर काम नहीं करती. उन्होंने बॉयकॉट बॉलीवुड ट्रेंड को रोकने में भी CM आदित्यनाथ की मदद मांगी थी.
#BoycottBollywood का ये ट्रेंड ऐक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद शुरू हुआ था. क्योंकि सुशांत की मौत का ज़िम्मेदार पूरी इंडस्ट्री को ठहराया गया. उसके बाद से इसी हैशटैग का इस्तेमाल कर तकरीबन हर फिल्म को बॉयकॉट करने की मांग की जा रही है. अभी 'लाल सिंह चड्ढा' के साथ ऐसा हुआ. और, अब शाहरुख खान की फिल्म 'पठान' इस ट्रेंड के निशाने पर है.
वीडियो: योगी आदित्यनाथ और सुनील शेट्टी के बीच ड्रग्स पर क्या बात हुई

