The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • old man set fire to indore cafe because girls used to smoke there madhya pradesh news

लड़के-लड़कियों को सिगरेट पीते देख बुजुर्ग को आया गुस्सा, कैफे में आग लगा दी

CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने 70 साल बुजुर्ग को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने कबूल किया है कि उसने कैफे में आग इसलिए लगाई क्योंकि लड़के-लड़कियां उस कैफे पर स्मोकिंग करते थे. ये बात उसे पसंद नहीं थी.

Advertisement
pic
11 अक्तूबर 2023 (पब्लिश्ड: 11:14 PM IST)
old man set fire to indore cafe
आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. (फोटो: आजतक/धर्मेंद्र शर्मा)
Quick AI Highlights
Click here to view more

मध्यप्रदेश के इंदौर में एक कैफे में आग (Fire at Indore Cafe) लगाने के आरोप में 70 साल के एक बुजुर्ग व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. आजतक के धर्मेंद्र शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी बुजुर्ग ने कैफे में आग लगाने की बात कबूल की है. साथ ही, ऐसा करने की वजह भी बताई है. आरोपी के मुताबिक उसने कैफे को आग के हवाले सिर्फ इसलिए कर दिया क्योंकि वहां लड़के-लड़कियां सिगरेट पीते थे.

ये भी पढ़ें- मध्यप्रदेश: झगड़ा सुलझाने के लिए बुलाई पंचायत में ही चली गोलियां, 5 की मौत 

CCTV फुटेज में आग लगाते दिखा था आरोपी

रिपोर्ट के मुताबिक घटना इंदौर के लसुड़िया थाना क्षेत्र की है. यहां हाल ही में एक कैफे में आग लगने का मामला सामने आया था. कैफे की जो तस्वीरें सामने आईं, उसमें बुरी तरह जल चुकी एक दुकान दिख रही है. सारी चीजें राख. कैफे चलाने वाले शुभम चौधरी ने जब CCTV फुटेज निकाल कर जांच कराई, तो वीडियो में एक बुजुर्ग शख्स दिखा. फुटेज में बुजुर्ग आदमी को आग लगाकर जाते हुए देखा गया. 

इसकी शिकायत पुलिस से की गई. इसके बाद लसुड़िया पुलिस थाने के प्रभारी तारेश सोनी ने एक टीम बनाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.  पुलिस ने पूछताछ की, तो आरोपी ने बताया की कैफे के बाहर लड़के-लड़कियां सिगरेट पीती थीं, जो उसे पसंद नहीं था. इसलिए उसने कैफे में आग लगा दी. 

मामले में इंदौर की पुलिस ने क्या कहा?

इंदौर के एडिशनल DCP (डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस) राजेश दंडोतिया ने बताया,

“कुछ दिन पहले कैफे में आग लगी थी. CCTV के आधार पर एक 70 साल के बुजुर्ग को गिरफ्तार किया गया है. बुजुर्ग ने सिर्फ इसलिए आग लगाई थी कि कैफे पर लड़के-लड़कियां सिगरेट पीते थे. इसी बात से बुजुर्ग नाराज़ था. उसको गिरफ्तार कर पूछताछ चल रही है.”

आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक कैफे में आग लगने से करीब 4 लाख नुकसान हुआ है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.

ये भी पढ़ें- मुंबई: गोरेगांव की एक बिल्डिंग में आग लगने से 7 की मौत, 51 घायल

Advertisement

Advertisement

()