VHP-बजरंग दल नूह में फिर निकालेंगे यात्रा, कहा- 'इस बार पूरी तैयारी', सीएम खट्टर इस पर क्या बोले?
VHP-बजरंग दल का कहना है कि 31 जुलाई को हिंसा की वजह से उनकी यात्रा अधूरी रह गई थी, अब पूरा किया जाएगा, यूपी-राजस्थान-गुजरात से लोगों को बुलाया गया

हरियाणा के हिंसा प्रभावित नूह को लेकर विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल ने एक बड़ी घोषणा की है. गुरुवार, 10 अगस्त को इन संगठनों की ओर से कहा गया कि वो नूह में जलाभिषेक यात्रा 28 अगस्त को फिर से शुरू करेंगे, क्योंकि ये यात्रा 31 जुलाई को हुई हिंसा के चलते पूरी नहीं हो सकी थी.
हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक गुरुग्राम VHP के अध्यक्ष अजीत सिंह ने कहा कि 31 जुलाई को यात्रा में 3,500 से अधिक लोग शामिल हुए थे, लेकिन 28 अगस्त को इससे कहीं बड़ी संख्या में लोग यात्रा में आएंगे. उन्होंने आगे कहा,
'हमने अपनी ताकत और एकजुटता दिखाने के लिए हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात से अपने संगठनों के लोगों को यात्रा का हिस्सा बनने के लिए बुलाया है. हमारा हिंसा फैलाने का कोई इरादा नहीं है, लेकिन इस बार हम पूरी तरह तैयार रहेंगे.'
31 जुलाई को हुई यात्रा का हिस्सा रहे विश्व हिंदू परिषद के जिला सचिव यशवंत शेखावत ने कहा कि ये महीना खत्म होने से पहले इस यात्रा को पूरा करना जरूरी है.
शेखावत के मुताबिक,
प्रशासन झटका देगा?'हमने अपने तीन सदस्यों को खो दिया है, उन्होंने हमारे लिए अपना जीवन गंवा दिया है और अब हम इस यात्रा को पूरा करके उन्हें श्रद्धांजलि देना चाहते हैं.'
हालांकि, नूह प्रशासन का कहना है कि उसे अभी तक 28 अगस्त की इस यात्रा को लेकर VHP या बजरंग दल से कोई एप्लिकेशन नहीं मिली है. नूह के डिप्टी कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा और नूह के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारनिया ने कहा कि उन्हें यात्रा के लिए किसी संगठन से आवेदन नहीं मिला है. यात्रा को अनुमति मिलेगी या नहीं, इस सवाल पर धीरेंद्र खड़गटा का कहना है कि प्रशासन इस यात्रा की तारीख से पहले क्षेत्र की स्थिति को देखेगा और उसके बाद ही यात्रा की अनुमति देने को लेकर कोई निर्णय लिया जाएगा.
सीएम की तरफ से क्या कहा गया?वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के OSD जवाहर यादव ने कहा कि सरकार को 28 अगस्त की यात्रा के प्लान के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है.
उन्होंने कहा,
14 अगस्त को तिरंगा यात्रा'इस बारे में प्रशासन फैसला लेगा कि गुरुग्राम से नूह तक धार्मिक यात्रा निकालना कितना सुरक्षित है. प्रशासन के निर्णय के आधार पर उन्हें पुलिस सुरक्षा प्रदान की जाएगी.'
उधर, नूह-मेवात में तनाव के बीच हरियाणा की BJP इकाई ने घोषणा की है कि वो 14 अगस्त तक राज्य भर में कई तिरंगा यात्राएं निकालेगी. ऐसा बताया जा रहा है कि इस यात्रा में राज्य के कई मंत्री, विधायक और अन्य नेता शामिल होंगे. BJP के नेताओं ने कहा कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता की प्रतिज्ञा लेना और लोगों को तिरंगा उत्सव में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है. हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नहू में इस यात्रा की अनुमति दी जाएगी या नहीं.
बता दें कि नूह-मेवात में 31 जुलाई को बृजमंडल यात्रा के दौरान हिंसा हुई थी. यात्रा के दौरान दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते ये विवाद दो समुदाय के लोगों के बीच हिंसा में बदल गया. बड़े स्तर पर हुई हिंसा में 2 पुलिस कर्मियों समेत 6 लोगों की मौत हो गई.
हिंसा के बाद से अब तक पूरे हरियाणा में 100 से ज्यादा FIR दर्ज की गई हैं. इनमें से कई केस सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाने के लिए दर्ज हुए हैं. पुलिस ने अलग-अलग इलाकों से अब तक 200 से ज्यादा लोगों को अरेस्ट किया है और 80 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है.
वीडियो: दंगाइयों के सामने खड़े हो गए शौकत, नूह हिंसा में कैसे महंत के साथ मिलकर गुरुकुल बचाया?

