अमृतसर में NRI के घर में घुसकर हमलावरों ने उसे गोली मारी, गिड़गिड़ाता रहा परिवार
घटना अमृतसर के दबुर्जी इलाके की है. इसका CCTV फुटेज भी सामने आया है. गंभीर रूप से घायल NRI हॉस्पिटल में एडमिट है.

पंजाब के अमृतसर में एक NRI को उसके घर में घुसकर गोली मार दी गई. पूरी घटना घर में लगे CCTV में कैद हो गई. वीडियो में देखा जा सकता है कि दो लोग घर में घुसकर एक शख्स पर गोलियां चला रहे हैं. गोली से घायल शख्स की पहचान NRI सुखचैन सिंह के तौर पर हुई है. इस दौरान शख्स के बीवी-बच्चे हाथ जोड़कर बदमाशों को रोकते रहे. पर वे नहीं माने. हालांकि, इस दौरान बदमाशों की पिस्टल जाम हो गई, जिसके बाद वो वहां से भाग गए. सुखचैन सिंह को दो गोलियां लगी हैं. वो गंभीर रूप से घायल हैं.
हमलावरों के आगे बीवी-बच्चों ने हाथ जोड़ेइंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना शनिवार 24 अगस्त की सुबह अमृतसर के दबुर्जी की है. यहां NRI सुखचैन सिंह के घर में सुबह करीब 7 बजे अज्ञात हमलावर घुस गए. हमलावरों ने पहले तो परिवार के लोगों के साथ किसी बात को लेकर बहस की. फिर हाथ में गन लेकर दौड़े और सुखचैन सिंह को गोली मार दी. गोली लगते ही चीख-पुकार मच गई. घर में महिला और बच्चे आरोपियों के हाथ जोड़कर रोकने की कोशिश करते रहे. हमलावरों ने सुखचैन पर करीब से फायरिंग की और बाद में पिस्टल जाम होने की वजह से मौके से फरार हो गए.
इसके बाद गंभीर रूप से घायल सुखचैन सिंह को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. सुखचैन को हाथ और चेहरे पर चोट आई है. पूरी घटना का CCTV फुटेज सामने आया है. रिपोर्ट के मुताबिक, सुखचैन सिंह अमेरिका में रहते हैं. 20 दिन पहले ही वो अमृतसर आए थे. उन्होंने हाल ही में डेढ़ करोड़ रुपये की एक गाड़ी खरीदी थी. इसी गाड़ी की RC (रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट) का बहाना बनाकर हमलावर घर में घुसे और गोलियां चलानी शुरू कर दीं. पुलिस ने घटना के CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है.
परिवार ने पहली पत्नी के घरवालों पर जताया शकसुखचैन के परिवार ने पुलिस से सख्त एक्शन लेने की मांग की है. साथ ही, परिवार ने सुखचैन की पहली पत्नी के घरवालों पर इस घटना को अंजाम देने का शक जताया है. इस मामले में FIR दर्ज करा दी गई है. इसमें सुखचैन की पहली पत्नी के पांच घर वालों के नाम शामिल हैं.
मामले पर अमृतसर के पुलिस कमिश्नर रंजीत सिंह ढिल्लो ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया,
"सुखचैन अमृतसर के दबुर्जी इलाके के रहने वाले हैं. दो लोग उनकी कार के पंजीकरण प्रमाण पत्र के बारे में पूछताछ करने के बहाने घर में दाखिल हुए और फिर उन पर फायरिंग शुरू की. उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. सुखचैन सिंह के परिवार ने उनकी पूर्व पत्नी के परिवार के पांच सदस्यों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है. परिवार वालों ने इस घटना में सुखचैन की पूर्व पत्नी के परिवार के सदस्यों के शामिल होने का शक जताया है. कुल तीन लोग घर पर पहुंचे, उनमें से दो घर में दाखिल हुए और उन्होंने सुखचैन पर गोलीबारी की. सुखचैन सिंह अमेरिका में रहते हैं और वो एक महीने पहले पंजाब आए थे. जांच चल रही है. डॉक्टरों के अनुसार, वो खतरे से बाहर हैं.’
पंजाब के प्रशासनिक सुधार और NRI मामलों के विभाग के मंत्री कुलदीप एस धालीवाल ने कहा कि मामले की जांच हो रही है. ये पता लगाया जा रहा है कि मामला पर्सनल था या कोई और विवाद. उन्होंने कहा,
विपक्ष ने राज्य की AAP सरकार पर उठाए सवाल“NRI से जुड़ी संपत्ति और अन्य पर्सनल विवाद आजकल बहुत आम हैं. कल भी मैंने लुधियाना में इसी तरह का मामला सुलझाया था. NRI लोगों से मेरी अपील है कि ऐसे किसी भी व्यक्तिगत मुद्दे को आपसी सहमति से बैठकर सुलझाया जाना चाहिए, हम किसी को भी राज्य में कानून व्यवस्था बिगाड़ने नहीं देंगे. सीपी अमृतसर से मामले में तुरंत कार्रवाई करने को कहा है.”
घटना पर राज्य की आम आदमी पार्टी (AAP) की किरकिरी हो रही है. शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने पंजाब की बिगड़ती कानून व्यवस्था की निंदा की है. उन्होंने X पर अपनी पोस्ट में मुख्यमंत्री भगवंत मान को टैग करते हुए लिखा,
“आपके राज्य में हर दिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं. पंजाबी अपने घरों में भी सुरक्षित नहीं हैं. मुझे लगता है कि आपको नैतिक आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए.”
वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि NRI सुखचैन सिंह पर हुए घातक हमले ने पंजाब को हिला दिया है. हरसिमरत कौर ने X पर पोस्ट किया,
“भगवंत मान आप और आपका परिवार बुलेट-प्रूफ गाड़ियों में घूमता है. लेकिन, पंजाबियों की रक्षा कौन करेगा? जबरन वसूली, जेलों में गैंगस्टर के साक्षात्कार, धमकियां और हत्याएं पंजाब में आम बात हो गई हैं.”
वहीं, मामले पर भाजपा के नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि इस घटना से वो बहुत दुःखी और स्तब्ध हैं. उन्होंने आगे कहा,
“ऐसा लगता है कि पंजाब में कोई कानून-व्यवस्था नहीं है. भगवंत मान का रंगला पंजाब सिर्फ एक डायलॉग है.”
कांग्रेस के पंजाब प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने कहा कि NRI एक समय गर्व से पंजाब को अपना घर कहते थे. लेकिन अब वे डर में जी रहे हैं. उन्होंने कहा,
“AAP सरकार की अक्षमता ने पंजाब को खतरे का क्षेत्र बना दिया है. पंजाब को भाषण की नहीं कार्रवाई की जरूरत है.”
फिलहाल, इस घटना पर दर्ज FIR के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
वीडियो: थप्पड़ कांड को लेकर कंगना की बहन ने पूरे पंजाब को ही लपेट लिया, पोस्ट में क्या-क्या लिखा?

