किम जोंग उन बेटी को कर रहे तैयार, पिस्तौल के बाद सीधा टैंक चलाया
सरकारी मीडिया की ओर से शेयर किए गए फोटो-वीडियो में किम जोंग उन की नाबालिग बेटी ऑलिव ग्रीन कलर की टैंक पर नजर आ रही हैं. साथ ही उन्हें टैंक के ड्राइवर के हैच (ड्राइवर की सीट) से अपना सिर बाहर निकाले देखा जा सकता है.

नॉर्थ कोरिया के नेता किम जोंग उन एक बार फिर अपनी नाबालिग बेटी के साथ दिखे हैं. पिस्तौल से निशाना साधते हुए पिछली तस्वीर के बाद इस बार वो अपनी बेटी के साथ टैंक पर बैठे हैं. उनकी बेटी को टैंक के ड्राइवर वाले हिस्से से सिर निकाले बाहर देखते हुए देखा जा सकता है. इसका फोटो और वीडियो नॉर्थ कोरिया के सरकारी न्यूज चैनल KCNA ने शेयर किया है. KCNA की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार 19 मार्च को एक टैंक यूनिट और पैदल सेना के जवानों का साझा अभ्यास चल रहा था. ये तस्वीर वहीं की है.
इस प्रोग्राम में किम जोंग उन भी शामिल थे. उन्होंने इस अभ्यास का जायजा लिया लेकिन चर्चा बटोर ली उनकी नाबालिग बेटी किम जू ए ने. लॉस एंजेलिस टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सरकारी मीडिया की ओर से शेयर किए गए फोटो-वीडियो में किम की नाबालिग बेटी किम जू ए ऑलिव ग्रीन कलर की टैंक पर नजर आ रही हैं. उन्हें टैंक के ड्राइवर के हैच (ड्राइवर की सीट) से अपना सिर बाहर निकालते देखा जा सकता है. उनके बगल में किम बाकी सैनिकों के साथ मुस्कुराते हुए बैठे नजर आ रहे हैं. साउथ कोरिया में कोरिया डिफेंस नेटवर्क के विशेषज्ञ ली इलवू ने किम की बेटी के टैंक चलाने पर टिप्पणी करते हुए कहा,
“उन्होंने (किम जू ए ने) बस एक सीधी दिशा में धीमी रफ्तार से टैंक चलाई. वैसे भी मॉर्डन टैंक को चलाना काफी आसान होता है. साथ ही मुझे यह भी लगता है कि उसके (किम की बेटी) लिए इसे चलाना ज्यादा आसान रहा होगा क्योंकि वह टैंक को समतल जमीन पर चला रही थी.”

इससे कुछ रोज पहले ही किम जोंग उन और किम जू ए ने साथ में हल्के गोला बारूद और पिस्तौल बनाने वाली कंपनी का दौरा किया था. इस दौरान दोनों ने पिस्तौल चलाने की प्रैक्टिस भी की थी.

बता दें कि साल 2022 में किम जू ए को पहली बार किम के साथ एक प्रोग्राम में देखा गया था. इसके बाद नॉर्थ कोरिया समेत दुनियाभर के राजनीतिक हलकों में यह चर्चा तेज हो गई कि किम जोंग अपनी बेटी को अपना उत्तराधिकारी घोषित कर सकते हैं. टैंक चलाने वाली फोटो आने के बाद इस चर्चा ने और तेजी पकड़ ली है.
यह भी पढ़ें: 'ईरान भी बेचेगा तेल, जल्द हट सकता है प्रतिबंध... ', अमेरिका ने ऐसा करने की वजह भी बताई
लॉस एंजेलिस टाइम्स की रिपोर्ट की मानें तो यह पहली दफा होगा, जब नॉर्थ कोरिया की सरकारी मीडिया ने किम की बेटी की कहीं मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि की है. KCNA ने अपने बयान में किम जोंग उन की बेटी को उनकी ‘सबसे प्यारी और सम्मानित बच्ची' बताया.
वीडियो: दुनियादारी: ईरान जंग में ट्रंप-नेतन्याहू कौन सी नई चाल चल रहे?

.webp?width=60)
