OYO मैनेजर ने यूपी पुलिस की गाड़ी बुलाई, शिकायत नहीं की, अंदर बैठकर रील बनाने लगा!
एक OYO होटल के मैनेजर का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें वो पुलिस की डायल 112 की गाड़ी चलाता हुआ दिख रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया

रील बनाने का जुनून लोगों को जोखिम लेने पर मजबूर कर रहा है. नोएडा में एक OYO होटल के मैनेजर ने यूपी पुलिस की डायल 112 गाड़ी को चलाते हुए रील बना डाली. बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया तो बवाल हो गया. मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा. जांच में आरोपी समेत दो पुलिस वाले नप गए.
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया. साथ ही गाड़ी के साथ ड्यूटी पर मौजूद दो पुलिसकर्मी भी सस्पेंड कर दिए गए. नोएडा कमिश्नरेट ने मामले की जांच एसीपी ट्रैफिक को सौंप दी है.
क्या है मामला?इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक सेक्टर 116 स्थित एक OYO होटल के मैनेजर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. वीडियो में होटल मैनेजर डायल 112 की गाड़ी चलाता हुआ दिख रहा है. वीडियो में आम आदमी के पुलिस की गाड़ी चलाने पर कई सारे सवाल उठने लगे. इसके बाद पुलिस ने OYO मैनेजर की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
अब सवाल यह उठता है कि जब कोई दूसरा व्यक्ति डायल 112 की गाड़ी चला रहा था तो उस समय ड्यूटी पर लगे पुलिसकर्मी कहां थे? क्या वीडियो वही पुलिसकर्मी बना रहे थे? पुलिस का कहना है कि इसकी जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें- जयमाल के बीच दूल्हे ने सास-ससुर को मारा थप्पड़, फिर भी दुल्हन ने कर ली शादी, लेकिन क्यों?
नोएडा के डीसीपी ट्रैफिक अनिल यादव ने माना कि वीडियो में एक बाहरी शख्स पुलिस की गाड़ी चलाता दिख रहा है. उन्होंने पुष्टि की कि वीडियो बनाने के दौरान डायल 112 में तैनात दो पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है. मामले की जांच एसीपी ट्रैफिक को सौंपी गई है. वही जो शख्स गाड़ी चला रहा था. उसके खिलाफ भी संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है.
वीडियो: पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत, UP के जालौन का मामला

