डिलिवरी करने गए एजेंट ने महिला के साथ रेप करने की कोशिश की, पुलिस की गोली लगी
पुलिस ने बताया कि आरोपी को जब गिरफ़्तार किया जा रहा था तो उसने सुनसान जगह देखकर पुलिस की पिस्टल छीनने की कोशिश की. इसके कारण मुठभेड़ हो गई.

उत्तर प्रदेश पुलिस ने नोएडा में 23 वर्षीय डिलिवरी बॉय को यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ़्तार किया है. ऑनलाइन स्टोर कंपनी ‘ब्लिंकिट’ के कर्मचारी पर आरोप है कि उसने एक महिला के साथ रेप करने की कोशिश की. जानकारी के मुताबिक़, घटना 27 अक्टूबर की है. 29 अक्टूबर को जब पुलिस ने आरोपी को पकड़ा तो डिलिवरी बॉय और पुलिस के बीच कथित रूप से मुठभेड़ हो गई. पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वो घायल हो गया. फिलहाल आरोपी को इलाज के लिए हॉस्पिटल भेज दिया गया है.
आजतक से जुड़े अरुण त्यागी की रिपोर्ट के मुताबिक़, ग्रेटर नोएडा की इको विलेज़ वन सोसाइटी में 27 अक्टूबर की सुबह एक महिला ने ब्लिंकिट से अंडे और दूध आर्डर किया था. आरोपी सुमित सिंह को ऐप की तरफ से ऑर्डर डिलीवर करने का काम सौंपा गया था. आर्डर देते वक्त सुमित को लगा कि महिला घर में अकेली है इसलिए उसने घर में घुसकर महिला के साथ रेप करने की कोशिश की. ऐसा आरोप है.
रिपोर्ट बताती है कि महिला ने विरोध किया तो उसने मारपीट भी की. बाद में महिला चिल्लाने लगीं तो वो वहां से भाग गया.
रिपोर्ट के मुताबिक़, घटना के बाद महिला ने उसी दिन पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को पकड़ने के लिए 5 टीम बनाई. 29 अक्टूबर को पुलिस ने आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया. आजतक से बातचीत के दौरान सेंट्रल नोएडा के ADCP हिर्देश कठेरिया बताया,
“आरोपी को जब गिरफ़्तार किया जा रहा था तो उसने सुनसान जगह देखकर पुलिस की पिस्टल छीनने की कोशिश की, इससे पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई. आरोपी के पैर में गोली लगी और वो घायल हो गया. सुमित को इलाज के लिए हॉस्पिटल भेजा रहा है और मामले की आगे जांच चल रही है.”
पुलिस के मुताबिक़, आरोपी पहले भी अवैध शराब बेचने के आरोप में गिरफ़्तार हो चुका है.
ये भी पढ़ें: Zomato डिलीवरी बॉय ने कस्टमर से कहा, 'खाना ला रहा, कुछ और लाऊं... सीक्रेट गांजा'

