गडकरी को जान से मारने की धमकी वाला गैंगस्टर कौन है, जेल के अंदर से फोन किया
आरोपी कर्नाटक के बेलगावी जेल में बंद था.

14 जनवरी को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) के नागपुर वाले ऑफिस में तीन कॉल आए. कॉल पर शख्स ने केंद्रीय मंत्री को जान से मारने की धमकी दी, साथ ही दफ्तर को भी उड़ाने का बात कही. 100 करोड़ रुपये की फिरौती भी मांगी. 15 जनवरी को नागपुर पुलिस ने बताया कि ये सारे धमकी भरे कॉल कर्नाटक के बेलगावी जेल में बंद एक कुख्यात गैंगस्टर कर रहा था. गैंगस्टर जयेश कांता ने जेल के बैरक से ही ये सारे कॉल किए थे.
आजतक की खबर के मुताबिक गैंगस्टर को लेकर नागपुर पुलिस ने बताया,
"केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को जेल से ही धमकी दी जा रही थी. कॉल करने वाला एक कुख्यात गैंगस्टर और हत्या का आरोपी जयेश कांता है, जो कर्नाटक की बेलगावी जेल में कैद है. उसने जेल के अंदर अवैध रूप से फोन का इस्तेमाल किया और गडकरी के दफ्तर में फोन करके धमकी दी. आगे की जांच के लिए नागपुर पुलिस की एक टीम बेलगावी के लिए रवाना हो गई है."
नागपुर पुलिस का कहना है कि बेलगावी जेल प्रशासन ने आरोपी के पास से एक डायरी भी बरामद की है, इस डायरी की जांच की जा रही है. वहीं नागपुर पुलिस ने कर्नाटक पुलिस से आरोपी की रिमांड मांगी है. नागपुर पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपी से पूछताछ किया जाना जरूरी है, इसलिए उसे महाराष्ट्र लेकर जाएंगे.
इससे पहले 14 जनवरी की सुबह ही नितिन गडकरी के नागपुर वाले तफ्तर में धमकी भरे कॉल आए थे. सुबह 11 बजकर 30 मिनट से लेकर 12 बजकर 32 मिनट के बीच तीन फोन कॉल आए. इनमें नितिन गडकरी के साथ ही उनके कार्यलय को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई. केंद्रीय मंत्री का जनसंपर्क कार्यालय नागपुर के खामला चौक पर है जो कि उनके घर से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर है.
नागपुर के डीसीपी राहुल मदाने ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया,
“केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को तीन फोन कॉल थे. कॉल की डीटेल मिल गई है और हमारी क्राइम ब्रांच सीडीआर पर काम करेगी. जांच की जा रही है. मौजूदा सुरक्षा बढ़ा दी गई है. मंत्री गडकरी के दफ्तर पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है.”
DCP राहुल मदाने ने आगे बताया था कि ये कॉल गडकरी के कार्यालय के लैंडलाइन पर सुबह 11.25, 11.32 और दोपहर 12.32 पर आईं. DCP ने कहा कि कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं, साथ ही आगे की जांच चल रही है.
वीडियो: नितिन गडकरी अपने मंत्रालय की ये रिपोर्ट देख खुद चौंक जाएंगे

