The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • nepal pm balen shah rapper engineer new regime gen z revolt youngest leader

बालेन शाह बने नेपाल के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री, 14 मंत्रियों ने भी ली शपथ

Nepal PM Balen Shah: बालेन शाह ने नेपाल के प्रधानमंत्री के पद की शपथ ले ली है. उनकी पहचान हमेशा से रैपर और इंजीनियर के तौर पर ही रही. लेकिन नेपाल के जेन-जी आंदोलन ने उन्हें पीएम की कुर्सी तक पहुंचा दिया.

Advertisement
pic
27 मार्च 2026 (अपडेटेड: 27 मार्च 2026, 02:43 PM IST)
balen shah pm of nepal
35 साल की उम्र में बालेन शाह बने नेपाल के सबसे युवा प्रधानमंत्री.
Quick AI Highlights
Click here to view more

35 साल के रैपर और इंजीनियर बालेन शाह ने 27 मार्च को नेपाल के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली. काठमांडू में हुए शपथ ग्रहण समारोह के दौरान नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने उन्हें शपथ दिलाई. बालेंद्र शाह ने नेपाल के 47वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली है. इसी के साथ वो देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री बन गए हैं.

आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक़, शपथ ग्रहण समारोह राष्ट्रपति भवन शीतल निवास में हुआ, जो काफी खास रहा. इसमें हिंदू और बौद्ध दोनों परंपराओं को मिलाया गया. सात ब्राह्मणों ने शंख बजाए, 108 युवा ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्र पढ़े और 107 लामाओं ने बौद्ध धर्मग्रंथों का पाठ किया. समारोह के दौरान राष्ट्रपति ने 14 मंत्रियों को भी शपथ दिलाई. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक़, बालेन शाह के मंत्रिमंडल के कुछ प्रमुख मंत्री-

  • सूडान गुरुंग-गृह मंत्रालय. सूडान गुरुंग जेन-जी प्रोटेस्ट के दौरान प्रमुख चेहरों में से एक थे.
  • स्वर्णिम वागले- वित्त मंत्रालय 
  • शिशिर खनाल.-विदेश मंत्री
  • दीपक शाह- श्रम और रोजगार मंत्रालय
  • बिराज भक्त- ऊर्जा, जल संसाधन और सिंचाई मंत्रालय
  • गीता चौधरी- कृषि एवं पशुधन विकास के साथ-साथ वन एवं पर्यावरण विभाग भी संभालेंगी
बालेन शाह की बड़ी जीत हुई थी

नेपाल में हाल ही में हुए आम चुनाव में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) ने जबरदस्त जीत दर्ज की. 275 सीटों वाली संसद में पार्टी ने 182 सीटें जीतीं, यानी पूर्ण बहुमत हासिल किया. बालेन शाह ने झापा-5 सीट से केपी शर्मा ओली के खिलाफ चुनाव लड़ने का ऐलान किया था. 7 मार्च शनिवार को घोषित चुनावी नतीजे में बालेन शाह ने लगभग 50 हज़ार वोट के अंतर से केपी शर्मा ओली को हराया था.

ये भी पढ़ें: बालेन शाह ने नेपाल के पूर्व PM केपी शर्मा ओली को बुरा हरा दिया, पता है कितने वोट मिले?

कौन हैं बालेन शाह? 

बालेन शाह का पूरा नाम बालेंद्र शाह है. वो साल 2022 में स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर काठमांडू मेट्रोपॉलिटन सिटी के मेयर चुने गए थे. साल 2025 में नेपाल में जब जेन-जी का आंदोलन शुरू हुआ तो सोशल मीडिया पर लोग उनसे मेयर के पद से इस्तीफा देकर नेतृत्व करने की अपील करने लगे. 

वो सड़क पर नहीं उतरे, लेकिन सोशल मीडिया पर लगातार आंदोलन के समर्थन में मुखर थे. बालेन शाह बचपन से संगीत प्रेमी थे. इनकी पहचान स्ट्रक्चरल इंजीनियर, रैपर, एक्टर, म्यूजिक, प्रोड्यूसर, गीतकार और एक कवि की रही है. बतौर रैपर उनके कई गाने काफी लोकप्रिय हुए हैं, जिसमें ‘आम नेपाली बुबा’, ‘पुलिस पत्रिकार’, ‘नेपाल हासेको’ जैसे गाने शामिल हैं. 

शपथ से एक दिन पहले ही उनका गाना ‘जय महाकाली’ रिलीज़ हुआ है. इस गाने में नेपाल की सामाजिक और राजनीतिक स्थिति पर कमेंट्री है. इंटरनेट ने ही बालेन शाह की पैन नेपाल छवि गढ़ने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई है.

वीडियो: Nepal Election Result: 4 बार के प्रधानमंत्री को बालेन शाह ने हराया, पीएम मोदी ने भी बधाई दी

Advertisement

Advertisement

()