बालेन शाह ने नेपाल के पूर्व PM केपी शर्मा ओली को बुरा हरा दिया, पता है कितने वोट मिले?
Nepal Election 2026: बालेन शाह ने झापा-5 सीट से केपी शर्मा ओली के खिलाफ चुनाव लड़ने का ऐलान किया था. 7 मार्च शनिवार को घोषित चुनावी नतीजे में बालेन शाह ने बड़े अंतर से केपी शर्मा ओली को हरा दिया.

Nepal Election Result 2026: नेपाल में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के नेता बालेंद्र शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को 49 हजार वोटों के अंतर से चुनाव हरा दिया है. बालेन शाह अपनी पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार हैं. केपी शर्मा नेपाल के वही प्रधानमंत्री हैं, जिनके खिलाफ जेन-जी प्रदर्शनकारियों ने क्रांतिकारी विरोध प्रदर्शन किया था. इस प्रदर्शन के बाद ओली सरकार का तख्तापलट हो गया. इस सत्ता परिवर्तन के बाद नेपाल में नए सिरे से चुनाव हुए, जिसमें बालेन शाह की पार्टी लीड कर रही है.
बालेन शाह ने झापा-5 सीट से केपी शर्मा ओली के खिलाफ चुनाव लड़ने का ऐलान किया था. 7 मार्च शनिवार को घोषित चुनावी नतीजे में बालेन शाह ने बड़े अंतर से केपी शर्मा ओली को हरा दिया. ‘द काठमांडु पोस्ट’ की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के वरिष्ठ नेता बालेन शाह को 68 हजार 348 वोट मिले. वहीं सीपीएन-यूएमएल के प्रमुख और पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को सिर्फ 18 हजार 734 वोट मिल पाए. इस तरह बालेन शाह ने 49 हजार 614 वोटों से ओली को चुनाव हरा दिया.
बालेन ने इस जीत के साथ राष्ट्रीय राजनीति में प्रवेश किया है. इसके पहले वह मई 2022 से जनवरी 2026 में इस्तीफा देने तक काठमांडु महानगरपालिका के पूर्व महापौर रहे हैं.
कौन हैं बालेन शाह?बालेन शाह का पूरा नाम बालेन्द्र शाह है. वो साल 2022 में स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर काठमांडू मेट्रोपॉलिटन सिटी के मेयर चुने गए थे. उनका जन्म 1990 में काठमांडू के गौरीगांव में हुआ था. उनके पिता डॉ. राम नारायण शाह एक आयुर्वेदिक डॉक्टर हैं और उनकी मां ध्रुवदेवी शाह एक होममेकर हैं. बालेन और उनकी पत्नी सबीना काफले की एक बेटी है. शाह किसी राजनीतिक पार्टी से नहीं जुड़े थे. उनके पास कोई संगठन या राजनीतिक अनुभव भी नहीं था. साल 2025 में नेपाल में जब जेन जी का आंदोलन शुरू हुआ तो सोशल मीडिया पर लोग उनसे मेयर के पद से इस्तीफा देकर नेतृत्व करने की अपील करने लगे.
बालेन शाह जेन जी आंदोलन का समर्थन कर रहे थे. वो सड़क पर नहीं उतरे लेकिन सोशल मीडिया पर लगातार आंदोलन के समर्थन में मुखर थे. नेपाल के अखबार माई रिपब्लिका के मुताबिक, बालेन शाह बचपन से संगीत प्रेमी थे. इनकी पहचान स्ट्रक्चरल इंजीनियर, रैपर, एक्टर, म्यूजिक, प्रोड्यूसर, गीतकार और एक कवि की रही है. बतौर रैपर उनके कई गाने काफी लोकप्रिय हुए हैं, जिसमें ‘आम नेपाली बुबा’, ‘पुलिस पत्रिकार’, ‘नेपाल हासेको’ जैसे गाने शामिल हैं. इन गानों में नेपाल की सामाजिक और राजनीतिक स्थिति पर कमेंट्री है. इंटरनेट ने ही बालेन शाह की पैन नेपाल छवि गढ़ने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई है.
बालेन शाह ने काठमांडू के वॉइट हाउस इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है. वहीं कर्नाटक के विश्वेश्वरैया नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में मास्टर्स की डिग्री ली. बालेन कॉलेज की पढ़ाई के दौरान भी छात्र राजनीति में सक्रिय रहे थे. लेकिन चुनावी राजनीति में आगाज साल 2022 में मेयर के चुनाव से ही किया.
वीडियो: खामेनेई के X अकाउंट से ट्वीट के जरिए इजरायल को क्या चेतावनी दी गई?

.webp?width=60)

