NDA ने राज्यसभा में छुआ बहुमत का आंकड़ा, निर्विरोध चुने गए कई सदस्य, बिल पास कराना होगा आसान!
NDA majority in Rajyasabha: राज्यसभा के चुनाव में BJP के नौ और सहयोगी दलों के दो सदस्य निर्विरोध चुने गए. वहीं, कांग्रेस के भी एक सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं.

NDA ने राज्यसभा (Rajya Sabha) में बहुमत के आंकड़े को छू लिया है. राज्यसभा के लिए होने वाले उपचुनाव (Rajya Sabha By Election) में BJP के नौ और सहयोगी दलों के दो सदस्य निर्विरोध चुने गए. मनोनीत और निर्दलीय सदस्यों के समर्थन को मिला दें तो NDA ने बहुमत के आंकड़े को टच कर लिया है. वहीं कांग्रेस के भी एक सदस्य अभिषेक मनु सिंघवी निर्विरोध चुने गए हैं.
नौ सदस्यों के निर्विरोध चुने जाने के बाद राज्यसभा में बीजेपी की संख्या बढ़कर 96 हो गई है. वहीं एनसीपी (अजित पवार गुट) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के एक-एक सदस्य के निर्विरोध चुने जाने के बाद ये संख्या भी बढ़कर 112 हो गई है. 245 सदस्यों की राज्यसभा में अभी आठ सीटें और खाली हैं. ऐसे में सदन की वर्तमान ताकत 237 है और बहुमत का आंकड़ा 119 हैं. NDA को छह मनोनीत और एक स्वतंत्र सदस्य का भी समर्थन मिला हुआ है. जिससे उनके सदस्यों की संख्या कुल हो गई है 119. जो कि बहुमत के लिए पर्याप्त है.
कौन-कौन चुने गए?बीजेपी की तरफ से बिहार से मनन कुमार मिश्रा, हरियाणा से किरण चौधरी, मध्य प्रदेश से जॉर्ज कुरियन, असम से मिशन रंजन दास और रामेश्वर तेली, राजस्थान से रवनीत सिंह बिट्टू , महाराष्ट्र से धैर्यशील पाटिल, ओडिशा से ममता मोहंता और त्रिपुरा से राजीव भट्टाचार्जी हैं. वहीं, NCP (अजित पवार गुट) के लिए महाराष्ट्र से नितिन पाटिल जबकि RLM के लिए बिहार से उपेंद्र कुशवाहा निर्विरोध निर्वाचित हुए. बहुमत मिलने के बाद अब NDA को बिल पास कराने में थोड़ी आसानी जरूर हो सकती है.
ये भी पढ़ें: पवन सिंह बहाना थे, उपेंद्र कुशवाहा निशाना थे? बिहार की काराकाट सीट पर क्या खेला हुआ?
तेलंगाना से कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी निर्विरोध चुने गए. ऐसे में राज्यसभा में कांग्रेस की संख्या बढ़कर अब 27 हो गई है. यानी नेता विपक्ष की कुर्सी के लिए जरूरी 25 सीटों से दो अधिक. बताते चलें कि राज्यसभा की जो 12 सीटें खाली हुई थीं, उनमें सबसे ज्यादा सात सांसद BJP के थे. जबकि कांग्रेस के 2, BRS,BJD और RJD से एक-एक सांसद थे. बताते चलें कि 12 सीटों पर राज्यसभा उपचुनाव के लिए चुनाव आयोग ने इसी महीने में ही अधिसूचना जारी की थी. जिसके मुताबिक नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 अगस्त थी. चुनाव और नतीजे 3 सितंबर को आने थे. लेकिन नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 27 अगस्त को सभी 12 सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए.
वीडियो: शिवराज सिंह चौहान ने राज्यसभा राहुल गांधी को लेकर क्या बड़ी बात बोल दी

