राउत और राघव चड्ढा ने सिसोदिया संग बच्चे की फोटो डाली, चाइल्ड राइट्स वालों ने नोटिस भेज दिया
बच्चे की फोटो कुछ लोगों को आहत कर गई
.webp?width=210)
शिवसेना नेता संजय राउत और आम आदमी पार्टी नेता राघव चड्ढा एक बार फिर विवाद में घिर गए हैं. नाबालिग की तस्वीर ट्विटर पर पोस्ट करने के चक्कर में. नेशनल कमीशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट्स (NCPCR) ने इस मामले में दिल्ली के चीफ सेक्रेटरी को एक पत्र लिख कार्रवाई करने को कहा है. NCPCR का दावा है कि इन नेताओं ने ऐसा राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए किया है.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक NCPCR ने बताया कि कमीशन को एक शिकायत मिली थी. शिकायत में कहा गया कि संजय राउत और राघव चड्ढा ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक तस्वीर अपलोड की है. तस्वीर में मनीष सिसोदिया स्कूलों में कुछ नाबालिग बच्चों के साथ दिखाई दे रहे हैं.
शिवसेना नेता संजय राउत ने दिल्ली के डिप्टी सीएम सिसोदिया की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा,
“जिस तरह से बीजेपी विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार कर रही है, मुझे डर है कि भविष्य में बीजेपी नेताओं का क्या होगा जब वो सत्ता के बाहर होंगे. क्या होगा अगर उन्हें इसी तरह से सताया या गिरफ्तार किया जाएगा. उनकी मदद के लिए कौन आएगा?”
संजय राउत के इसी पोस्ट को आप नेता राघव चड्ढा ने रीट्वीट किया. जिसके बाद NCPCR के पास इसकी शिकायत गई. शिकायत में आरोप लगे कि संजय राउत और राघव चड्ढा ने अपने राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए ऐसा किया. शिकायत में कहा गया कि दिल्ली के शराब नीति मामले में मनीष सिसोदिया के खिलाफ CBI की जांच से ध्यान भटकाने के लिए ऐसा किया गया है.
रिपोर्ट के मुताबिक कमीशन ने दिल्ली के चीफ सेक्रेटरी को पत्र लिखकर कहा,
“हो सकता है कि अपलोड की गई तस्वीरें स्कूल में आयोजित किसी समारोह के दौरान ली गई हों. लेकिन ऐसा लगता है कि इसका इस्तेमाल किया गया है, वो भी नाबालिगों के माता-पिता/अभिभावक की सहमति के बिना.”
कमीशन ने आगे बताया कि दोनों नेताओं ने जुवेनाइल जस्टिस एक्ट, 2015 और इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एक्ट का उल्लंघन किया है. कमीशन ने बच्चों के कल्याण और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नाबालिगों की तस्वीर उनकी सहमति के बिना पोस्ट करने के खिलाफ जांच शुरू करने की बात कही है. यही नहीं, कमीशन ने चीफ सेक्रेटरी को सात दिन के अंदर रिपोर्ट सौंपने की बात भी कही है.
सिसोदिया को CBI ने गिरफ्तार किया थारविवार, 26 फरवरी को दिल्ली शराब नीति केस में CBI ने मनीष सिसोदिया को पूछताछ के लिए बुलाया था. 9 घंटे की पूछताछ के बाद जांच एजेंसी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. सीबीआई का आरोप है कि मनीष सिसोदिया ने कथित शराब घोटाले में आपराधिक साजिश रची और उन्होंने सबूतों को मिटाने की कोशिश की.
वीडियो: मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के वक़्त क्या-क्या हुआ?

