'लाल किले से ये मोदी का अंतिम भाषण, अगली बार हम...', बड़ा दावा कर गए लालू यादव
लालू यादव ने पटना स्थित अपने घर में स्वतंत्रता दिवस मनाने के बाद पत्रकारों से बातचीत में ये दावा कर दिया.

स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से दिए गए पीएम नरेंद्र मोदी के भाषण की हर तरफ चर्चा है. इसमें उन्होंने कहा कि वे अगले साल फिर आएंगे. इसे अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में बीजेपी की जीत और उनके तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने की ‘भविष्यवाणी’ के रूप में देखा जा रहा है. लेकिन राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने चुनौती देते हुए कहा है कि ये लाल किले से पीएम मोदी का आखिरी भाषण था.
'मोदी का आखिरी भाषण'लालू यादव ने पटना स्थित अपने घर में स्वतंत्रता दिवस मनाने के बाद पत्रकारों से बातचीत में ये दावा कर दिया. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक पत्रकारों ने उनसे पूछा था कि क्या मोदी अगले साल भी लाल किले पर तिरंगा लहराएंगे. जवाब में लालू ने कहा,
"बिल्कुल नहीं. ये उन्होंने आखिरी बार भाषण दिया है... अगली बार हम लोग आएंगे."
यहां 'हम लोग' से मतलब विपक्षी गठबंधन ‘INDIA’ से है.
कुछ इसी तरह की बात की कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने. उन्होंने कहा कि भाषण में पीएम मोदी का अहंकार दिखा. खरगे ने भी चुनौती देते हुए कहा कि अगली साल मोदी झंडा फहराएंगे, लेकिन अपने घर पर.
वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने एक दिन पहले ही ये बात की थी. सोमवार, 14 अगस्त को पार्टी के एक कार्यक्रम में बोलते हुए ममता ने कहा था कि इस बार लाल किले से पीएम मोदी अपना आखिरी भाषण देंगे. ममता ने 'खेला होबे' का नारा देते हुए कहा कि अगले साल आम चुनाव में विपक्षी गठबंधन INDIA की जीत होगी.
क्या बोले पीएम मोदी?इससे पहले पीएम मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अपने भाषण में विपक्षी दलों पर निशाना साधा. उन्होंने नाम लिए बिना कहा,
“आज परिवारवाद और तुष्टीकरण ने हमारे देश को बर्बाद कर दिया है. किसी राजनीतिक दल का प्रभारी केवल एक ही परिवार कैसे हो सकता है? उनके लिए उनका जीवन मंत्र है- परिवार की पार्टी, परिवार द्वारा और परिवार के लिए. लोकतंत्र की मजबूती के लिए परिवारवाद से मुक्ति जरूरी है.”
इसके साथ ही मोदी ने अगले चुनाव में भी उनकी पार्टी की जीत का दावा कर दिया. बोले, "साल 2014 में मैंने परिवर्तन लाने का वादा किया था. आप देशवासियों ने मुझपर भरोसा किया. मैंने आपसे किए वादे को विश्वास में बदल दिया. 2019 में परफॉर्मेंस के आधार पर आपने फिर मुझे आर्शीवाद दिया. परिवर्तन ने मुझे दोबारा मौका दिया. मैं आपका हर सपना पूरा करूंगा. मैं अगले 15 अगस्त को फिर आऊंगा."

