मुसलमान लड़का अपनी दोस्त से बात कर रहा था, वो हिंदू थी तो दूसरे छात्रों ने लाठी-डंडों से पीट दिया
लड़की बचाती रही, पीटने वाले नहीं माने, फ़ोटो खींची और कहा - वायरल कर देंगे

कर्नाटक (Karnataka) में 'मॉरल पुलिसिंग' के नाम पर हिंसा करने का एक और मामला सामने आया है. इस बार मैंगलोर की पुत्तुर तालुका में सांप्रदायिक तनाव पैदा करने वाली घटना हुई है. यहां एक मुस्लिम छात्र (Muslim Boy) को कथित रूप से एक हिंदू युवती (Hindu Girl) से बात करने पर बुरी तरह पीटा गया है. पीड़ित मोहम्मद सानिफ के साथ ये क्रूरता करने वाले उनके कॉलेज के ही दूसरे छात्र बताए जा रहे हैं.
हिंदू से बात करने पर मुस्लिम की पिटाईमंगलवार 30 अगस्त की घटना की जानकारी पुलिस ने 31 अगस्त को दी. अधिकारियों के मुताबिक 19 साल के मोहम्मद सानिफ जिले के सुलिया इलाके के रहने वाले हैं. उनका कॉलेज सुलिया तालुका के कसाबा गांव में है. इंडिया टुडे से जुड़े सागाय ने पुलिस के हवाले से बताया कि सुबह साढ़े दस बजे के आसपस कॉलेज के अंदर ही सानिफ पर हमला किया गया. उस समय वो अपनी एक दोस्त से बात कर रहे थे, जो हिंदू समाज से है. दोनों एक ही कॉलेज में पढ़ते हैं.
वहीं दी इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक सानिफ और युवती की बातचीत पर कुछ दूसरे छात्रों ने आपत्ति जताई थी. पुलिस ने बताया,
"उन्होंने उसे (सानिफ) कॉलेज ग्राउंड पर बुलाया. वो जैसे ही वहां पहुंचा, प्रज्वल, तनुज, अक्षय, मोक्षित, गौतम नाम के युवकों ने दूसरे लोगों के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया. उसे लकड़ी के डंडों से मारा गया. वो लड़की से हुई बातचीत को लेकर सानिफ से सवाल करने लगे. साथ ही धमकी भी दी कि आगे से लड़की से फिर बात ना करे, वरना फिर पिटाई की जाएगी."
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक इलाके के एक पुलिस अधिकारी ने बताया,
"हमने मामला दर्ज कर लिया है. सभी आरोपी कॉलेज स्टूडेंट्स हैं, सेकंड ईयर, थर्ड ईयर के. हम वेरिफाई करेंगे. ऐक्शन लिया जाएगा."
रिपोर्ट्स के मुताबिक लड़की ने सानिफ को बचाने की कोशिश की थी. हमलवारों ने उससे भी सवाल किए. पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने दोनों की तस्वीरें खींचीं और वायरल करने की धमकी दी.
बाद में सानिफ किसी तरह जान बचाकर घर पहुंचे. घरवाले उन्हें इलाज के लिए सुलिया स्थित सरकारी अस्पताल ले गए. पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद उसने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. उसने सात छात्रों को नामजद किए जाने की बात कही है. फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
कर्नाटक: सावरकर की फोटो हटाने पर बवाल, टीपू सुल्तान की फोटो लगाई, चाकू घोप दिया, 4 अरेस्ट

.webp?width=60)

