'मैं हूं डॉन...' बजा चला रहे थे गोली, कांग्रेस विधायक के खिलाफ केस हो गया
FIR दर्ज होने के बाद विधायक ने सफाई दी कि वो "नकली बंदूक" थी.

नये साल का मौका था. जनता के लिए जश्न का माहौल बनाया गया. विधायक ने घर पर गाने-बजाने का कार्यक्रम रखा. बाकायदा कलाकारों को बुलाकर. मतलब पूरा माहौल सेट हुआ. स्टेज पर सिंगर गाना गा रहे हैं. डॉन फिल्म का चर्चित गाना 'मैं हूं डॉन...' चल रहा है. जैसे ही सिंगर ने दो तीन बार 'मैं हूं डॉन...' और 'डॉन, डॉन, डॉन' कहा. इतने में विधायक के समर्थक जोश में आ गए. और विधायक को लेकर स्टेज पर जा पहुंचे. डॉन का गाना था तो स्टेज पर जाते ही विधायक नाचने लगे. अच्छा नाच रहे थे. लेकिन सिर्फ नाचने से कहां काम चलता. वो विधायक हैं! विधायक ने पॉकेट से पिस्टल निकाला और स्टेज पर ही खुले में फायरिंग कर दी. फिर नाचने लगे.
आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्जस्टेज पर चढ़कर 'डॉन' बनने वाले विधायक का नाम है सुनील सराफ. मध्य प्रदेश के कोतमा विधानसभा से जनता का प्रतिनिधित्व करते हैं. ओपन फायरिंग का वीडियो वायरल हो गया. लोगों ने सवाल उठाया तो सरकार ने कार्रवाई भी शुरू कर दी. मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि इस तरह से फायरिंग करना, लहराना (बंदूक) गलत है. उन्होंने अनूपपुर एसपी को कार्रवाई का निर्देश दिया. इसके बाद अनूपपुर पुलिस ने विधायक सुनील सराफ के खिलाफ IPC की धारा-336, 25 (9) और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया.
विधायक सुनील सराफ ने एक जनवरी को नये साल के जश्न की तस्वीरें भी शेयर की. इसमें जश्न में फायरिंग की बात नहीं लिखी. सिर्फ जनता को शुभकामनाएं दी. विधायक ने जानकारी दी कि मौका उनके जन्मदिन का भी था. उन्होंने जश्न के मौके पर एक ट्वीट किया,
"नया साल 2023 के मौके पर मेरे निजी आवास पर आयोजित सहभोज कार्यक्रम में मेरा आमंत्रण स्वीकार कर सहर्ष पधारते हुए आपने मेरा मान बढ़ाया है. इसके लिए मैं कोटिश: आभार व्यक्त करता हूं. साथ ही मेरे जन्मदिन पर आप सभी से मिली बधाई और ढेर सारी शुभकामनाओं से भी अत्यंत अभिभूत हूं."
हालांकि FIR दर्ज होने के बाद सुनील सराफ ने सफाई दी कि उन्होंने जिससे फायरिंग की वो "नकली बंदूक" थी. समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए सराफ ने कहा,
"हर साल मैं ये कार्यक्रम आयोजित करता हूं. इस साल भी किया. केक कटता है, पटाखे फूटते हैं. हमलोगों ने दिवाली वाले कुछ तमंचे मंगवाए थे. उससे फोड़ रहे थे. उसे बीजेपी वालों ने बना दिया कि लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर रहे थे. वहां सार्वजनिक पार्टी चल रही थी. 4 से 5 हजार लोग आए थे. कैमरे लगे थे. ऐसे में सोचिए कि क्या एक विधायक लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग करेगा. ऐसा संभव है क्या? आरोप गलत हैं."
विधायक ने कहा कि अगर गृह मंत्री ने जांच का आदेश दिया है तो यह अच्छी बात है. वायरल वीडियो की जांच होनी चाहिए. लेकिन FIR जांच होने के बाद ही दर्ज होनी चाहिए थी. कांग्रेस के विधायक होने के कारण पहले केस दर्ज हो गया. उन्होंने कहा कि वो जांच के लिए तैयार हैं.
सुनील सराफ पर कुछ महीने पहले एक महिला से यौन उत्पीड़न का आरोप लगा था. अक्टूबर 2022 में महिला ने शिकायत की थी कि ट्रेन में सफर के दौरान सुनील सराफ ने उनके साथ छेड़खानी की थी. शिकायत पर भोपाल पुलिस ने सराफ के खिलाफ केस दर्ज किया था.
वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: मध्य प्रदेश के गृहमंत्री को शाहरुख और अमिताभ ने एक होकर कड़ा जवाब दे दिया

