ई श्रीधरन ने राजनीति को कहा बाय-बाय, 10 महीने पहले ही BJP जॉइन की थी
ऐसा क्या हुआ कि एक साल में ही मेट्रो मैन ने सियासत से तौबा कर ली?
Advertisement

ई. श्रीधरन ने एक्टिव पॉलिटिक्स से संन्यास लिया. (फाइल फोटो-PTI)
Quick AI Highlights
Click here to view more
ई श्रीधरन ने राजनीति से तौबा कर ली है. मतलब सियासत छोड़ दी है. ‘मेट्रो मैन’ के नाम से देशभर में मशहूर ई श्रीधरन ने इसी साल फरवरी में BJP जॉइन की थी. लेकिन अब खबर है कि उन्होंने एक साल से भी कम समय में ही राजनीति छोड़ दी है. इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक गुरुवार, 16 दिसंबर को केरल के मल्लापुरम में उन्होंने इसकी घोषणा की.
क्या बोले मेट्रो मैन?
ई श्रीधरन ने कहा कि वे कभी भी राजनेता नहीं थे और इसी साल अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव में हुई हार से उन्होंने बहुत कुछ सीखा है. एक्टिव पॉलिटिक्स से बाहर निकलने की घोषणा करते हुए कहा उन्होंने कहा कि राजनीति में सक्रिय नहीं होने का मतलब ये नहीं है कि वे राजनीति को पीछे छोड़ रहे हैं. उन्होंने कहा,जब मैं हार गया तो मैं निराश हो गया था. लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ता. वो समय अब बीत चुका है. निर्वाचित होने पर मैं विधायक होता. मैं अकेले विधायक बनकर कुछ ज्यादा नहीं कर सकता था. मैं अब 90 साल का हूं. राजनीति में आगे बढ़ना खतरनाक है. मेरा अब राजनीति में कोई सपना नहीं है. मुझे अपनी मातृभूमि की सेवा के लिए राजनीति की जरूरत नहीं है. मैं पहले से ही तीन ट्रस्टों के माध्यम से ऐसा कर रहा हूं.इससे पहले पॉलिटिक्स में अपनी एंट्री की घोषणा करते समय ई श्रीधरन ने मुख्यमंत्री का पद संभालने और केरल की राजनीति में बड़ी भूमिका निभाने में रुचि व्यक्त की थी. उस समय चर्चा थी की बीजेपी ने मेट्रो मैन को केरल में मुख्यमंत्री का चेहरा बनाया है. हालांकि बाद में पार्टी की ओर से ही इस खबर का खंडन भी आ गया था. इसी साल हुए विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने ई श्रीधरन को केरल की पलक्कड़ सीट से उम्मीदवार बनाया था. उनका मुकाबला कांग्रेस के शफी परम्बिल और CPI(M) के सीपी प्रमोद से था. चुनाव में शफी परम्बिल को 54 हजार से ज्यादा, जबकि ई श्रीधरन को 50 हजार से ज्यादा वोट मिले थे. शफी परम्बिल ने बीजेपी के ई श्रीधरन को 3859 वोटों से हरा दिया था.

