दिल्ली: चांदनी चौक के कपड़ा मार्केट में भीषण आग, बिल्डिंग का एक हिस्सा गिरा, कई दुकानें झुलसीं
जिस जगह आग लगी वो चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन के नजदीक है. बताया गया है कि घटना में करोड़ों का नुकसान हुआ है.

दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में भीषण आग (Fire in Chandi Chowk Area) लगने की घटना हुई है. सोमवार, 5 सितंबर को सुबह खबर आई कि रविवार, 4 सितंबर की रात को चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन के पास एक इमारत के बाहर भयानक आग लग गई. हालांकि हादसे में किसी के मारे जाने की खबर नहीं है. लेकिन इमारत और कुछ दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है. मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया है.
Chandni Chowk Cloth Market में लगी आगसमाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक फायर डिपार्टमेंट के एक अधिकारी ने बताया,
"आग पर काबू पा लिया गया है. हालांकि आग की वजह से इमारत का एक हिस्सा गिर गया है. कूलिंग ऑपरेशन जारी है. इस समय आग बुझाने वाली 10 गाड़ियां घटनास्थल पर मौजूद हैं."
खबरों के मुताबिक रविवार रात 10 बजकर 40 मिनट पर इमारत में आग लगी. ये बिल्डिंग चांदनी चौक के कच्चा बाग थोक कपड़ा बाजार में है. चांदनी चौक काफी कन्जेस्टेड एरिया है. ऐसे में एक इमारत में लगी आग ने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में लिया है. दमकल विभाग ने बताया है कि इमारत के नजदीक में बनी कुछ अन्य कमर्शियल बिल्डिंग्स और दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है. बताया गया कि आग बुझाने के दौरान ही कुछ शॉप्स कोलैप्स कर गईं.
घटनास्थल पर मौजूद बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के प्रमुख योगेश सिंघल ने बताया कि आग के चलते कम से कम तीन कमर्शियल बिल्डिंग्स पूरी तरह बर्बाद हो गईं. उन्होंने बताया कि इन इमारतों में कई दुकानें थीं. योगेश की मानें तो इस घटना में करोड़ों का नुकसान हुआ है.
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक देर रात 3 बजे आग बुझाने का काम शुरू हुआ. उस समय आग इतनी ज्यादा थी कि दमकल विभाग को 30 गाड़ियां वहां भेजनी पड़ीं. खबर लिखे जाने तक आग बुझा दी गई थी, लेकिन उसकी हीट खत्म करने के लिए 10 गाड़ियां अभी भी मौजूद हैं.
प्राइवेट अस्पताल में लगी भीषण आग से 10 लोगों की मौत

.webp?width=60)

