The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Manipur viral video is a blot on society, says Amit Shah in Parliament

मणिपुर यौन हिंसा के वीडियो पर बोले अमित शाह, 'संसद सत्र से पहले क्यों लीक हुआ?'

कांग्रेस ने कहा कि ये बात बोलकर अमित शाह ने गृह मंत्री के रूप में अपनी अयोग्यता स्वीकार की है.

Advertisement
pic
9 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 9 अगस्त 2023, 09:46 PM IST)
Manipur viral video is a blot on society, says Amit Shah in Parliament
अमित शाह ने कहा कि अगर वीडियो DGP के पास था, तो 5 मई को मामले में गिरफ्तारियां हो जानी चाहिए थीं. (फोटो- PTI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संसद में अविश्वास प्रस्ताव की चर्चा के दौरान विपक्ष को घेरा. उन्होंने मणिपुर के मसले पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने मणिपुर में महिलाओं को नग्न घुमाए जाने की घटना से जुड़े वीडियो के लीक होने पर सवाल उठाए. अमित शाह ने इस घटना को समाज पर धब्बा बताया. लेकिन साथ ये भी कहा कि ये वीडियो संसद के सत्र से पहले ही क्यों लीक किया गया? गृह मंत्री ने कहा,

“मीडिया ने पूछा कि 4 मई का ये वीडियो संसद सत्र से एक दिन पहले क्यों आया? यदि वीडियो मौजूद था, तो क्या इसे पुलिस को नहीं दिया जाना चाहिए था? पीड़िता की गरिमा के बारे में सोचें! अगर इंटेलिजेंस के पास यह नहीं था, तो क्या इसे संभाला नहीं जाना चाहिए था?”

अमित शाह ने कहा कि अगर वीडियो DGP के पास था, तो 5 मई को मामले में गिरफ्तारियां हो जानी चाहिए थीं. वीडियो वायरल होने के एक दिन बाद 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया और उन पर मुकदमा चल रहा है.

गृह मंत्री ने आगे कहा कि गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने मणिपुर में 23 दिन बिताए थे. उन्होंने आगे कहा,

“मेरे जाने से पहले राज्य में कोई नहीं गया. मैंने वहां तीन दिन बिताए थे.”

विपक्ष पर हमला बोलते हुए शाह ने ये भी कहा कि सबसे ज्यादा धार्मिक या सांप्रदायिक झगड़े देश के तीन पूर्व प्रधानमंत्रियों जवाहरलाल नेहरू, राजीव गांधी और इंदिरा गांधी के कार्यकाल में हुए हैं. गृह मंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने कभी भी इन झगड़ों और दंगों को किसी पार्टी से नहीं जोड़ा.

कांग्रेस ने शर्मनाक बताया

गृह मंत्री अमित शाह के बयान के बाद कांग्रेस की तरफ से प्रतिक्रिया भी सामने आई. पार्टी के राज्यसभा सांसद जयराम रमेश ने कहा कि यह बिल्कुल शर्मनाक है कि गृह मंत्री मणिपुर के भयावह वीडियो के सामने आने की टाइमिंग पर सवाल उठा रहे हैं. उन्होंने कहा कि सदन में यह दावा करके कि खुफिया एजेंसियों को ऐसे किसी वीडियो के बारे में जानकारी नहीं थी, वो भारत के गृह मंत्री के रूप में सिर्फ अपनी अक्षमता को स्वीकार कर रहे हैं. जयराम रमेश ने कहा कि अमित शाह अनजाने में ही सही, मणिपुर के मुख्यमंत्री की अयोग्यता को भी स्वीकार कर रहे हैं.

वीडियो: राहुल गांधी ने रावण से तुलना कर PM मोदी और अमित शाह को बुरा घेर लिया

Advertisement

Advertisement

()