प्लेन में महिला से मिला, वहीं दोस्ती हो गई, फिर गोवा में रिजॉर्ट दिखाने के बहाने किया 'रेप'
आरोपी युवक गुजरात का रहने वाला है. उसने कथित रूप से पीड़ित महिला को धमकाया भी था.
.webp?width=210)
उत्तरी गोवा (Goa) का अस्सोनोरा गांव. यहां के एक रिजॉर्ट में महिला पर्यटक से कथित तौर पर बलात्कार करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. गोवा पुलिस आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक गुजरात का रहने वाला है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ये घटना 23 अगस्त की है. पुलिस के अनुसार मामला उस वक्त सामने आया जब पीड़ित महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी युवक लक्ष्मण शियार को गिरफ्तार कर लिया गया. बताया जा रहा है कि आरोपी युवक गोवा घूमने आया था. उसकी महिला से मुलाकात फ्लाइट में हुई थी. दोनों के बीच फ्लाइट में ही दोस्ती हो गई थी.
घटना को लेकर पुलिस उपाधीक्षक जीवबा डालवी ने बताया,
“पीड़ित युवक और आरोपी महिला फ्लाइट में मिले थे. तभी दोनों के बीच दोस्ती हो गई. बातचीत के दौरान व्यक्ति ने महिला का मोबाइल नंबर ले लिया और बाद में फोन पर उससे संपर्क में रहा.”
डालवी ने शिकायत का हवाला देते हुए कहा कि इस हफ्ते की शुरुआत में पीड़ित महिला और आरोपी व्यक्ति ने गोवा का अलग-अलग दौरा किया. आरोपी ने 23 अगस्त को महिला को फोन किया और उससे अस्सोनोरा स्थित रिजॉर्ट पर बुलाया. आरोपी युवक इसी रिजॉर्ट में रुका हुआ था. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने महिला को रिजॉर्ट में मौजूद सुविधाएं दिखाने का बहाना देकर बुलाया था.
डालवी ने बताया कि जब महिला रिजॉर्ट पहुंची तो आरोपी उसे अपने कमरे में ले गया. वहां उसके साथ बलात्कार किया. आरोपी ने महिला को धमकाया भी. उसने कहा कि वो इस घटना के बारे में किसी को भी कुछ ना बताए.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच के लिए टीमों का गठन किया. जिसके बाद आरोपी युवक को उत्तरी गोवा के मापुसा शहर के पास स्थित थिविम गांव से गिरफ्तार कर लिया गया. फिलहाल पुलिस ने पीड़ित महिला की उम्र के बारे में नहीं बताया है. मामले की जांच जारी है.
(ये भी पढ़ें: गोवा के DIG ए कोआन कौन हैं, जो महिला से बदसलूकी के आरोप में सस्पेंड हो गए?)
वीडियो: दिल्ली रेप केस में केजरीवाल सरकार vs BJP की राजनीति जारी, मां ने सीधा मैसेज दे दिया

