श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद बनवा रहे शख्स की खौलती कड़ाही में गिरने से मौत, वीडियो वायरल
घटना शुक्रवार, 29 जुलाई को तमिलनाडु के मदुरै में हुई. चार दिन बाद मंगलवार 2 अगस्त को पीड़ित मुथु कुमार की मौत हो गई.

तमिलनाडु के मदुरै में उबलते दलिये में गिरने से एक शख्स की मौत हो गई. घटना शुक्रवार, 29 जुलाई की है जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है. मृतक का नाम मुथु कुमार बताया गया है. हादसे में वो 65 पर्सेंट तक जल गए थे. 4 दिन बाद मंगलवार 2 अगस्त को मुथु ने दम तोड़ दिया.
स्थानीय पर्व के लिए बन रहे प्रसाद में गिरेइंडिया टुडे से जुड़े प्रमोद माधव की रिपोर्ट के मुताबिक तमिलनाडु में इस सीजन में 'आडी वेल्ली' नाम का एक पर्व हर साल धूमधाम से मनाया जाता है. इसमें देवी अम्मा के सम्मान में बड़ी मात्रा में दलिया बनाकर लोगों में बांटा जाता है. बीती 29 जुलाई को मदुरै के पजहनगनाथम में भी स्थानीय लोगों के लिए प्रसाद के तौर पर दलिया बनाया जा रहा था. मुथु कुमार अपने साथियों के साथ मिलकर स्थानीय मुथु मरियम्मम मंदिर के श्रद्धालुओं के लिए ये प्रसाद बनवा रहे थे. बड़े-बड़े बर्तनों में दलिया उबल रहा था कि तभी मुथु कुमार एक बर्तन के पास थोड़े असंतुलित दिखाई दिए और अचानक उसमें गिर गए.
घटनास्थल पर मौजूद एक सीसीटीवी कैमरे में ये घटना कैद हो गई जो अब वायरल है. फुटेज में दिख रहा है कि मुथु कुमार के बड़ी कड़ाही में गिरते ही वहां अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोगों को उन्हें बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. कड़ाही काफी ज्यादा गर्म थी और उसमें पक रहा दलिया खौल रहा था. इसके चलते उन्हें बाहर निकालने में लोगों को खासी दिक्कत हुई. जब तक वे ऐसा कर पाते, मुथु 65 पर्सेंट जल चुके थे. बाद में उन्हें राजाजी गवर्नमेंट अस्पताल में भर्ती किया गया. लेकिन 4 दिन के इलाज के बाद मंगलवार को उनकी मौत की खबर आई.
मुथु को आया था चक्करइंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक घटना के समय मुथु कुमार काफी थका हुआ महसूस कर रहे थे. उनकी हालत इतनी खराब थी कि उन्हें चक्कर आ रहे थे. खुद को गिरने से बचाने की कोशिश में उन्हें होश नहीं रहा कि वे किसका सहारा लेकर खड़े हैं. आसपास खड़े दूसरे लोगों का भी ध्यान उन पर नहीं गया. मुथु जब कड़ाही में गिरे तब वे उन्हें बचाने भागे. कड़ाही में प्रसाद उबल रहा था, इसलिए पीड़ित को बाहर निकालने के लिए उन्हें बर्तन को पलटना पड़ा. पुलिस ने जांच के दौरान वो सीसीटीवी कैमरा बरामद कर लिया, जिसमें ये पूरी घटना कैद हुई थी.
आरवम: तमिलनाडु के नटराज मंदिर के बारे में अक्षिता ने क्या बताया?

