खाने की कुर्सी के लिए दोस्तों में 'हम फर्स्ट हम फर्स्ट' हुआ, एक ने दांतों से दूसरे का कान काट डाला
पीड़ित रवि और आरोपी रोहित दोस्त हैं. खाने की कुर्सी के लिए ऐसे लड़ पड़े जैसे वो मुख्यमंत्री की कुर्सी हो.

उत्तर प्रदेश का फेमस बागपत युद्ध (Bagpat brawl) तो सभी ने देखा होगा. जहां दो चाटवालों के बीच भयंकर लड़ाई हुई थी. डंडे, लातें, घूंसे सब चले थे. किसी ने दूसरे के ऊपर चढ़कर उसे कूटा. तो किसी ने दौड़ा-दौड़ा कर. पर किसी ने किसी को काटा नहीं था. अब ऐसा हो गया है. कुर्सी को लेकर हुए विवाद के चलते एक शख्स ने दूसरे शख्स का कान ही काट (Man bites ears of other man) लिया. वो भी अपने दांतों से.
आजतक के विशाल चौहान की रिपोर्ट के मुताबिक मामला उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले का है. यहां के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में बने एक होटल में दो युवकों के बीच कुर्सी पर बैठने को लेकर बवाल हो गया. झगड़ा बढ़ा तो दोनों में से एक ने दांतों से दूसरे का कान काट लिया.
रिपोर्ट के मुताबिक दोनों युवकों के नाम रवि निषाद और रोहित साहू हैं. बताया गया कि दोनों पहले से आपस में परिचित थे. साथ में ही होटल में खाना खाने गए थे. लेकिन कुर्सी के लिए दोस्ती का लिहाज नहीं किया. ऐसे लड़े जैसे खाने की नहीं मुख्यमंत्री की कुर्सी हो.
दोनों में हुई कहासुनी के बाद रोहित ने रवि का कान दांत से काटकर अलग कर दिया. बाद में पीड़ित रवि ने बताया,
“थोड़ी देर के लिए कुर्सी खाली थी. जिस पर मैं बैठ गया था. बाद में उसी को लेकर विवाद हो गया.”
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम होटल पहुंची. जांच में सामने आया कि दोनों युवक पहले से एक-दूसरे को जानते थे. मीडिया से बात करते हुए सीओ सिटी आशुतोष कुमार ने बताया,
“पुलिस को सूचना मिली थी दो व्यक्तियों के बीच झगड़े में एक ने दूसरे का कान काट लिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया. उसका इलाज चल रहा है.”
सीओ आशुतोष ने आगे बताया कि घायल व्यक्ति की शिकायत के आधार पर रोहित साहू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. रोहित के खिलाफ IPC की धारा 326 के तहत मामला दर्ज कर उसको गिरफ्तार किया गया है. आगे की जांच की जा रही है.
वीडियो: रात में अतीक अहमद के बेटे असद के बाद अब जालौन में एनकाउंटर हो गया, ये रहे वो आरोपी

