The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Maharashtra : Annoyed By Neighbour's Parrot, 72 Year Old man Files Police Complaint In Pune

"पड़ोसी का तोता मुझे सीटी मारता है" - 72 साल का बुजुर्ग थाने पहुंचा, तोते मालिक पर केस

'जब भी घर के बाहर निकलता हूं, पडोसी का तोता मुझे देख सीटी बजाने लगता है'

Advertisement
pic
8 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 8 अगस्त 2022, 03:29 PM IST)
maharashtra-pune-parrot
पुणे के एक 72 वर्षीय बुजुर्ग ने पुलिस से एक तोते के बोलने को लेकर शिकायत की है | फोटो : आजतक
Quick AI Highlights
Click here to view more

आमतौर पर तोता जब बोलता है तो लोग खुश हो जाते हैं. पता लगे कहीं बोलने वाला तोता मौजूद है तो लोग उसकी आवाज सुनने के लिए पहुंच जाते हैं. लेकिन महाराष्ट्र (Maharashtra) के पुणे (Pune) से एक इसका उल्टा मामला सामने आया है. पुणे के एक 72 वर्षीय बुजुर्ग ने पुलिस से एक तोते (Parrot) के बोलने को लेकर शिकायत की है. बुजुर्ग का कहना है कि उनके घर के सामने वाले घर में एक तोता पाल रखा है, जो उन्हें परेशान करता है.

तोता बुजुर्ग को कैसे परेशान करता है?

आजतक से जुड़े पंकज खेलकर के मुताबिक, पुणे के शिवाजी नगर की महात्मा गांधी कॉलोनी में रहने वाले बुजुर्ग ने एक पालतू तोते की शिकायत की है. स्थानीय खड़की पुलिस थाने में दर्ज शिकायत में बुजुर्ग ने कहा है कि उनके घर के सामने एक व्यक्ति ने तोता पाल रखा है. वे जब भी घर के बाहर निकलते हैं, उन्हें देखकर तोता सीटी बजाता है. वह पूरे दिन बोलता है और बहुत शोर मचाता है. बुजुर्ग के मुताबिक इसकी वजह से उन्हें काफी तकलीफ होती है.

तोते के मालिक ने बुजुर्ग से क्या कहा?

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक कई दिन परेशान रहने के बाद बुजुर्ग ने अपने पड़ोसी से तोते की शिकायत की तो उसने अनसुना कर दिया. कुछ दिन बाद उन्होंने फिर तोते के मालिक से कहा कि वो अपना तोता घर के सामने रखने के बजाय घर में ही किसी और जगह पर रख ले. लेकिन, तोते के मालिक ने ऐसा करने से साफ़ मना कर दिया और बुजुर्ग के साथ बहस करने लगा.

पुणे पुलिस ने तोता मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया

बताते हैं कि तोता मालिक से कई बार बहस होने के बाद आखिरकार बुजुर्ग इस मामले को लेकर स्थानीय खिड़की पुलिस थाने पहुंच गए. एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, खिड़की पुलिस थाने के एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया,

‘हमने बुजुर्ग व्यक्ति की शिकायत पर तोते के मालिक के खिलाफ शांति भंग करने और आपराधिक धमकी देने का मामला दर्ज किया है. यह एक नॉन कॉग्निजेबल ऑफेंस (असंज्ञेय अपराध) है. हम नियम के अनुसार आगे कार्रवाई करेंगे.’

आजतक के मुताबिक मामला दर्ज करने के बाद खड़की पुलिस ने तोते के मालिक को थाने में बुलाया. पुलिस ने उसे चेतावनी दी कि बुजुर्ग को भविष्य में उससे या उसके तोते से किसी भी तरह की तकलीफ नहीं होनी चाहिए.

वीडियो देखें : सौरभ द्विवेदी के सामने राजदीप, राहुल श्रीवास्तव ने अमित शाह का महाराष्ट्र प्‍लान खोल दिया

Advertisement

Advertisement

()