The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Karnataka Man kills daughter over affair with lower caste boy arrested

आदिवासी लड़के से प्यार करती थी लड़की, परिवार वालों ने मारकर दफना दिया

पिता ने बेटी को अपनी जाति के किसी लड़के से शादी करने के लिए कहा था.

Advertisement
pic
27 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 27 अगस्त 2023, 08:10 PM IST)
Karnataka police
पिता ने पुलिस के सामने अपराध स्वीकार किया (सांकेतिक तस्वीर- इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

कर्नाटक के कोलार जिले से एक ‘ऑनर किलिंग’ की घटना सामने आई है. 25 अगस्त को कोलार के टोटी गांव में वेंकटेशगौड़ा नाम के व्यक्ति की बेटी रम्या (19) संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गईं. मामले में दर्ज FIR के मुताबिक, रम्या के परिवार वालों ने उसकी बॉडी को गांव वालों को बिना बताए और अंतिम संस्कार किए बगैर ही दफना दिया. जानकारी के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध मौत का स्वतः संज्ञान लिया. पुलिस ने कार्रवाई शुरू की. मौत के कारण का पता लगाने के लिए शव को कब्र से निकलवाया गया.

इंडिया टुडे से जुड़े सगाय राज की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में पूछताछ के लिए पुलिस ने रम्या के पिता वेंकटेशगौड़ा उर्फ ​​राजगोपालप्पा को बुलाया. वेंकटेशगौड़ा पर अपनी बेटी रम्या की हत्या का आरोप लगा था. पुलिस की पूछताछ में पता चला कि रम्या एक निजी कंपनी में काम करती थीं. उसके माता-पिता को पता चला कि वह अनुसूचित जनजाति (ST) समुदाय के एक लड़के के साथ रिश्ते में थी. पिता ने बताया कि वो अक्सर अपने मोबाइल फोन पर ‘किसी से’ बातचीत करती रहती थी. 

जांच में ये भी सामने आया कि घटना वाली रात रम्या देर रात उसी लड़के से चैट कर रही थी. उसी समय रम्या के पिता नशे की हालत में कमरे में आए और उसे देर रात फोन पर चैट करने को लेकर टोका. दोनों के बीच बहस हो गई. रम्या के पिता ने उसे अपनी जाति के किसी लड़के से शादी करने के लिए कहा, लेकिन उसने पिता की बात को नकार दिया.

बेटी के मना करने पर पिता को गुस्सा आ गया. उन्होंने अपनी बेटी रम्या के माथे पर हाथों से दो बार मारा. माथे पर चोट लगने से रम्या जमीन पर गिर पड़ी. जमीन पर गिरने के बाद वेंकटेशगौड़ा ने रम्या का गला दबा दिया. दम घुटने की वजह से उसकी मौत हो गई.

आरोपी वेंकटेशगौड़ा ने पुलिस को दिए बयान में स्वीकार किया कि उसने अपने बड़े भाई और अन्य लोगों के साथ मिलकर, बिना किसी को बताए रम्या का शव अपनी जमीन में दफना दिया. पुलिस के सामने वेंकटेशगौड़ा ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. उनके बयान के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी की गई है. इस मामले में पुलिस ने IPC की कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है.

(ये स्टोरी हमारे साथी अनुराग अनंत ने की है.)

वीडियो: मुंबई के बांद्रा स्टेशन पर हिंदू लड़की के साथ घूम रहे मुस्लिम लड़के को पीटने वाले कौन?

Advertisement

Advertisement

()