बॉयफ्रेंड को जेल भिजवाया, सब-इंस्पेक्टर की हादसे में मौत, अब ये सवाल रह गया?
दबंग छवि वाली जुनमोनी राभा एक बार तो BJP विधायक से भिड़ गई थीं

असम की चर्चित पुलिस सब इंस्पेक्टर जुनमोनी राभा की मंगलवार, 16 मई की सुबह एक सड़क हादसे में मौत हो गई. ये हादसा असम के नागांव जिले में हुआ. पुलिस के मुताबिक जुनमोनी राभा की कार एक कंटेनर ट्रक से आमने-सामने टकरा गई, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गईं. कुछ देर बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक स्थानीय पुलिस थाने के प्रभारी पवन कलिता ने बताया कि ये हादसा देर रात हुआ, हादसे के वक्त जुनमोनी कार में अकेली थीं. सूचना मिलने के बाद पुलिस गश्ती दल मौके पर पहुंचा और जुनमोनी को पास के अस्पताल ले गया. जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
एक सवाल का जवाब नहीं मिल रहा?पुलिस ने कंटेनर ट्रक को जब्त कर लिया है. ये उत्तर प्रदेश से आ रहा था. हालांकि, दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया. नागांव की पुलिस अधीक्षक लीना डोले भी सुबह मौके पर पहुंची और जायजा लिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों के मुताबिक पुलिस को एक सवाल का जवाब नहीं मिल पा रहा है. वो सवाल है कि आखिर देर रात जुनमोनी राभा अपनी निजी कार में बिना किसी सुरक्षा के और सादे कपड़ों में अकेले ऊपरी असम की ओर क्यों जा रही थीं? उनके परिवार के लोगों को भी इस सवाल का जवाब नहीं मिला है.
BJP विधायक से भिड़ गईंजुनमोनी इस समय नागांव की मोरिकोलोंग इलाके में चौकी की प्रभारी थीं. वो पिछले कुछ सालों के दौरान अपराधियों के खिलाफ सख्ती से पेश आने की वजह से चर्चा में रहीं. जुनमोनी राभा जनवरी 2022 में एक और विवाद में फंस गई थीं. जब बिहपुरिया इलाके से भाजपा विधायक अमिय कुमार भुइयां के साथ उनकी टेलीफोनिक बातचीत लीक हो गई थी. कहा जाता है कि जुनमोनी द्वारा 'अवैध रूप से' फिट की गई मशीनों से देशी नावों का संचालन ही रहा था, ऐसे में उन्होंने एक्शन लिया था. कुछ नाविकों को गिरफ्तार कर लिया गया था. जिसके बाद उन पर भुइयां के इलाके के लोगों का कथित उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगा था. इस पूरे घटनाक्रम का ऑडियो टेप लीक हो जाने से विवाद खड़ा हो गया था. मुख्यमंत्री हेमंता बिस्वा सरमा के दखल के बाद ये विवाद खत्म हुआ था.
जुनमोनी पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगेजुनमोनी पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगे थे. वो कथित वित्तीय अनियमितताओं के लिए भी विवादों में रहीं थीं. जून 2022 में उन्होंने इस मामले में अपने बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार करवाया था. कुछ समय बाद इसी मसले में भ्रष्टाचार के आरोप उनपर भी लगे और उन्हें भी अरेस्ट कर लिया गया. माजुली जिले की एक अदालत ने जुनमोनी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया था, जिसके बाद उन्हें पुलिस सर्विस से निलंबित कर दिया गया था. बाद में निलंबन हटा लिया गया और वो फिर से सर्विस में वापस आ गईं.
वीडियो: शिवरात्रि पर असम सरकार ने भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग का विज्ञापन दिया, महाराष्ट्र में नेता क्यों भड़के

.webp?width=60)

