जब टाइगर श्रॉफ के हमशक्ल को देख उनका ड्राइवर चौंक गया
जोधपुर में रहने वाले जीत दइया सिर्फ शक्ल से नहीं नाचने में भी टाइगर जैसे ही हैं.
Advertisement

फोटो - thelallantop
जीत दइया बाड़मेर के हैं. जोधपुर में रहते हैं. और बैंकिंग की तैयारी कर रहे हैं. इंग्लिश लिटरेचर में ग्रेजुएट हैं. 23 बरस के हैं. नाचने-गाने के शौक़ीन हैं बचपन से ही. जीत में खास बात ये है कि वो टाइगर श्रॉफ जैसे दिखते हैं. हमने जीत को फोन लगाया. जीत ने बताया वो टाइगर श्रॉफ के घर जाकर उनसे मिल भी आए हैं. पिछले 7 अगस्त को, फ्रेंडशिप डे के रोज़.
हमने पूछा आपको ये कब पता चला कि आप टाइगर श्रॉफ जैसे दिखते हैं तो जीत ने एक किस्सा सुनाया, जब उनके दोस्त से उन्हें पता चला कि वो टाइगर जैसे दिखते हैं.
हुआ ये कि 'मेरे नाम तू व्हिसिल बजा...' वाला गाना आया था, हीरोपंती का. उनके दोस्त ने उन्हें दिखाया. और पूछा इसमें क्या खास है? जीत ने कहा डांस बहुत बढ़िया करता है. दोस्त ने फिर पूछा और क्या खास है. तब बताया कि जीत की शक्ल टाइगर श्रॉफ से मिलती है. तब तक जीत के बाल नहीं बढ़े थे, तो उन्हें ज्यादा भरोसा नहीं हुआ. बाद में जब उनके बाल बढ़े तो एक शादी में उन्हें लड़कियों ने घेर लिया. साथ में फोटो खिंचाई, तब जीत को महसूस हुआ कुछ तो बात है.

जीत के साथ जो नजर आ रही हैं, उन्हें आपने स्टार प्लस के विदाई सीरियल में रागिनी के रूप में देखा है.
अब तो हाल ये है कि लोग अक्सर उन्हें रोक लेते हैं, साथ में फोटो खिंचाते हैं. जब हम बात कर रहे थे, उसके एक रोज़ पहले जीत ट्रेन में थे, उन्हें लोगों ने घेर लिया और फोटो खिंचाने लगे. जीत ने बचाया बच्चे टाइगर श्रॉफ को बहुत पसंद करते हैं, टाइगर के तमाम किरदार ऐसे होते हैं जो बच्चों को पसंद आते हैं. साथ में उनका डांस भी बालकों को पसंद आता है. बच्चों को पसंद आने की की वजह हाल में आई उनकी सुपरहीरो वाली फिल्म भी है. इसीलिए जीत को देख खुश होने वालों में बच्चे सबसे ज्यादा हैं.

जीत ने टाइगर श्रॉफ से मिलने का किस्सा भी सुनाया, वो भी मजेदार था. बताया कि वो पहले दिन जब उनके घर गए तो गार्ड ने मिलने नहीं दिया. दूसरे दिन गार्ड ने कह दिया वो देश से बाहर है. तीसरे दिन जब वो गए तो उन्हें जैकी श्रॉफ मिले. जैकी ने बताया कि टाइगर यहीं हैं. और ग्यारह-साढ़े ग्यारह बजे के आसपास खाना खाने घर आएंगे. वो आधा घंटा इंतजार कर लें. जीत वहीं वेट करने लगे. टाइगर आए लेकिन अपने फोन में खोए थे, उनके ड्राइवर ने जीत को देखा, वो चौंक गया और टाइगर को बताया कि वो लड़का जो खड़ा है, आपके जैसे दिख रहा था. लेकिन तब तक देर हो गई थी, टाइगर की कार पर लड़कियां झपट चुकी थीं, दो-तीन कार के साथ घर के अंदर भी चली गईं, गेट जो था वो बंद हो गया.
लेकिन इस बीच एक और करम हो गया था. जब वो कार्टर रोड पर टाइगर के घर के बाहर उनका वेट कर रहे थे, इस बीच कई लड़कियां उन्हें टाइगर समझ उनके साथ फोटो खिंचाने आ पहुंची थीं, पास आकर उन्हें कद-काठी से महसूस हुआ कि वो टाइगर नहीं हैं. तब भी फोटो खिंचा ही रही थीं कि टाइगर की कार आ गई. लड़कियां अंदर चली गईं, और जीत ये सोचते खड़े थे कि मैं तीन दिन से यहां खडा हूं और इन लड़कियों को मौक़ा मिल गया. तभी गेट फिर से खुला. उन्हें अंदर बुलाया गया, और फ्रेंडशिप डे के रोज़ उनका टाइगर से मिलना संभव हो पाया. टाइगर ने उन्हें विश किया, फोटो खिंचाई, गले मिले.

साथ में ये ज्ञान भी दिया कि इस फील्ड में मेहनत बहुत है, साथ में लक की भी बड़ी जरूरत है. जीत ज्ञान लेकर लौटे अभी भविष्य का पूछो, एक्टिंग-मॉडलिंग का पूछो तो कहते हैं, बैंक की कोचिंग कर रहे हैं. एक फिक्स करियर हो जाए तो इस तरफ भी आगे बढ़ेंगे.

वैसे जीत भी कम टैलेंटेड नहीं हैं. जोधपुर में एक डांस कम्पटीशन में पहला प्राइज जीता था. नाचते ये बचपन से थे, लेकिन टाइगर श्रॉफ वाला किस्सा जुड़ने के बाद उनको कॉपी करने लगे. जीत को नाचते हुए यहां देखिए.
https://www.youtube.com/watch?v=HG5a4uzZu-4&feature=youtube_gdata_player
एक और वीडियो देखिए
https://www.youtube.com/watch?v=itWXk_IjgXk&feature=youtube_gdata_player
इस स्टोरी के लिए जीत के दोस्त अनिल का शुक्रिया, उन्होंने ही अपने दोस्त की बात हम तक पहुंचाई, कुछ रोज़ पहले हमने आपको विराट कोहली के हमशक्ल से मिलाया था. सुल्तानपुर के अमित मिश्रा से.
मिलिए सुल्तानपुर के विराट कोहली से जो मथुरा में मचा रहा है धूम

.webp?width=60)

