The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Jammu Kashmir: CRPF inspector killed in encounter with militants in Udhampur

Jammu Kashmir: उधमपुर में मुठभेड़ के दौरान CRPF इंस्पेक्टर की मौत, कार्रवाई के बाद भागे आतंकी

सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई के बाद आतंकवादी मौके से भाग गए. इलाके में अतिरिक्त फोर्स भेजी गई है.

Advertisement
pic
19 अगस्त 2024 (पब्लिश्ड: 07:50 PM IST)
CRPF personnel (Photo: PTI/Representational)
सीआरपीएफ के जवान. (सांकेतिक फोटो- पीटीआई)
Quick AI Highlights
Click here to view more

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ के दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक इंस्पेक्टर की मौत हो गई. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आतंकियों ने सुरक्षाबलों के एक गश्‍ती दल पर फायरिंग की थी. इस दौरान CRPF के इंस्पेक्टर को गोली लग गई. गोलीबारी के बाद आतंकियों को पकड़ने के लिए इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है.

न्यूज एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि उधमपुर के बसंतगढ़ के डुडु इलाके में दोपहर करीब साढ़े तीन बजे आतंकवादियों ने सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) पर गोलीबारी की. इस दौरान सीआरपीएफ इंस्पेक्टर, सीआरपीएफ बटालियन की आगे की तैनाती के लिए तैयार की जा रही पोस्ट की कार्य प्रगति की जांच करने के लिए अपनी टीम का नेतृत्व कर रहे थे.

यह पोस्ट उधमपुर के डुडु इलाके में पुलिस चौकी से करीब आठ किलोमीटर दूर है. यह जम्मू के पहाड़ी इलाकों में आतंक विरोधी अभियान के तहत स्थापित की जा रही है. इसी दौरान उन पर आतंकियों ने घात लगाकर हमला कर दिया. अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई.

रिपोर्ट के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई के बाद आतंकवादी मौके से भाग गए. इलाके में अतिरिक्त फोर्स भेजी गई है.

जम्मू क्षेत्र में हाल के महीनों में आतंकवादी गतिविधियां बढ़ी हैं. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल जुलाई महीने में, डोडा जिले में भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ के दौरान एक अधिकारी सहित चार सैन्यकर्मी और एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई थी. हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी समूह जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के एक शैडो ग्रुप 'कश्मीर टाइगर्स' ने ली थी.

ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में सेना ने आतंकी को मार गिराया, लेकिन कैप्टन दीपक सिंह को खो दिया

वहीं 8 जुलाई को, कठुआ जिले में एक ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी रास्ते पर सेना के काफिले पर आतंकवादियों ने घात लगाकर हमला किया था, जिसमें एक जूनियर कमीशंड अधिकारी (JCO) सहित पांच सैन्यकर्मियों की मौत हो गई और कई घायल हो गए.

6 जुलाई को कुलगाम जिले में दो मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने छह आतंकवादियों को मार गिराया था. इस दौरान दो जवानों की जान चली गई थी.

वीडियो: कानपुर में साबरमती एक्सप्रेस पटरी से उतरी, ट्रेन पर सवार लोगों ने सब बताया!

Advertisement

Advertisement

()