स्कूल में बच्चे खेल रहे थे, औरतें बैठी थीं, इजरायल ने रॉकेट दाग दिए, 22 की मौत
Israeli rocket hits school in Gaza: इस स्कूल में इन लोगों ने हमलों से बचने के लिए शरण ली थी, आम लोग थे. इजरायल के हमले में 13 बच्चों और 6 महिलाओं के मारे जाने की ख़बर है. इस हमले पर इजरायल की तरफ से क्या सफाई दी गई है.

फिलिस्तीन के दक्षिणी ग़ाज़ा शहर में एक स्कूल पर हुए हमले से कम से कम 22 लोगों की मौत की ख़बर है. फिलिस्तीनी अधिकारियों ने इस हमले के इज़रायल को ज़िम्मेदार ठहराया है. बताया गया कि स्कूल विस्थापित लोगों को आश्रय दे रहा था (Israeli strike killed at least 22 people in school). इसीलिए इस हमले में ज़्यादातर मरने वाले लोग महिलाएं और बच्चे हैं. 13 बच्चे और 6 महिलाएं. वहीं, इज़रायली सेना का कहना है कि हमला आतंकवादी समूह हमास के एक कमांड सेंटर को निशाना बनाकर किया गया था.
हमास द्वारा संचालित सरकारी मीडिया ने मरने वालों में 13 बच्चों और 6 महिलाओं की पुष्टि की है. रॉयटर्स की ख़बर के मुताबिक़, घटनास्थल पर विस्फोट से डैमेज हुई दीवारें, जला हुआ फर्नीचर और एक कमरे की छत में छेद दिखाई दे रहे थे. जबकि लोग अपने सामान को बचाने की कोशिश में जुटे दिखे. एक प्रत्यक्षदर्शी सईद अल-मलाही ने रॉयटर्स को बताया,
महिलाएं और उनके बच्चे स्कूल के खेल के मैदान में बैठे थे. बच्चे खेल रहे थे और अचानक दो रॉकेट उन पर आकर गिरे.
इसे लेकर इज़रायली सेना ने कहा है कि उसने हमास के कमांड सेंटर को निशाना बनाया था. जो उस परिसर में स्थित था, जो पहले स्कूल के रूप में काम करता था. इज़रायली सेना ने नागरिक सुविधाओं का इस्तेमाल सैन्य उद्देश्यों के लिए करने के अपने आरोपों को भी दोहराया है. हालांकि, हमास ने इससे इनकार किया है.
वहीं, ग़ाज़ा स्वास्थ्य मंत्रालय ने दक्षिणी ग़ाज़ा पट्टी के राफ़ा में एक और इज़रायली हमले में चार स्वास्थ्य कर्मियों की मौत की बात भी कही है. इसमें मंत्रालय के गोदामों को निशाना बनाया गया था. बताया गया कि एम्बुलेंस दल मृतकों तक नहीं पहुंच सके और घायलों का भी इलाज नहीं हो पाया. वहीं, एक बयान में इज़रायली सेना ने कहा कि मई से राफ़ा में बीते कुछ हफ़्तों में दर्जनों आतंकवादियों को मार गिराया गया है. कई मिलिटरी इंफ़्रास्ट्रक्चर और सुरंग शाफ्ट्स को भी नष्ट किया गया है.
ये भी पढ़ें - पेजर ब्लास्ट में भारत के दर्जी के बेटे का नाम कैसे आया?
बता दें कि इज़रायल का ये हमला ऐसे समय में हुआ है, जब लेबनान में हिजबुल्लाह मेंबर्स के पेजर्स और वॉकी-टॉकी ब्लास्ट चर्चा में है. इन ब्लास्ट के पीछे भी इज़रायल का हाथ बताया जा रहा है.
वीडियो: हिजबुल्लाह के ताबड़तोड़ हमले के बाद इजरायल में लगी इमरजेंसी, लेबनानी सीमा के समुद्री तट पूरी तरह से सील

