'अमेरिका-ईरान 49 सालों से एक-दूसरे पर भरोसा नहीं करते, अब... ', जेडी वेंस ने डील पर बड़ी बात बोली
Iran-US Peace Deal: 11 अप्रैल को इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच 'पीस डील' की पहली बैठक हुई. इस बैठक में ईरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम पर आकर बात रुक गई. जेडी वेंस का कहना है कि ईरान-अमेरिका के बीच भरोसा एक दिन में कायम नहीं होगा.

‘पिछले 49 सालों से अमेरिका और ईरान एक दूसरे पर भरोसा नहीं करते, एक रात में इसे बदला नहीं जा सकता.’ ये बयान है अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का. अमेरिका के एक टर्निंग पॉइंट इवेंट के दौरान उन्होंने अमेरिका और ईरान के बीच पीस डील की दूसरी बैठक को लेकर बात की. खबर है कि ये बैठक गुरुवार यानी 16 अप्रैल को हो सकती है.
उनके इस बयान से साफ हो गया है कि अमेरिका-ईरान के बीच अब भी डील हो सकती है. जेडी वेंस ने इससे पहले कहा था कि ईरान खुद सामने से डील करना चाहता है. ईरान अमेरिका की शर्तों के आगे झुक रहा है और हो सकता है कि अगली बैठक में वो शर्तें मान ले. उन्होंने कहा,
‘बीते 49 सालों में अमेरिका और ईरान के बीच इस तरह की मीटिंग नहीं हुई है. इतना भरोसा कभी रहा ही नहीं, लेकिन मुझे लगता है कि टेबल के उस तरफ बैठे लोग डील करना चाहते हैं. हम भी पूरी शिद्दत से मीटिंग में शामिल हुए. उम्मीद है जल्द डील हो जाएगी.’
ईरान ने भी पीस डील पर अपना पक्ष रखा है. ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इस बात को माना कि इतने सालों में पहली बार अमेरिका और ईरान जंग रोकने की इच्छा से मिले थे. CNN की एक रिपोर्ट के मुताबिक़, कुछ अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को पीस डील की मीटिंग हो सकती है. इस बार भी मीटिंग इस्लामाबाद में होने की बात चल रही है. 11 अप्रैल को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में पीस डील की पहली बैठक हुई थी जिसे 'इस्लामाबाद टॉक्स' कहा गया.
पहली बैठक का कोई निष्कर्ष नहीं निकला था. बात ईरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम पर आकर रुक गई. अमेरिकी चाहते हैं कि ईरान 20 साल के लिए अपना यूरेनियम एनरिच्मेंट प्रोग्राम रोक दे. वहीं ईरान का कहना है कि वो ज्यादा से ज्यादा केवल 5 साल तक अपना न्यूक्लियर प्रोग्राम रोक सकता है.
ये भी पढ़ें: सीजफायर खत्म होने से पहले पीस डील की कोशिश, US-ईरान के बीच इसी हफ्ते हो सकती है मीटिंग
इसके अलावा अमेरिका ने होर्मुज के रास्ते ईरान आने-जाने वाले सभी जहाजों की नाकेबंदी शुरू कर दी है. माना जा रहा है कि ईरान के ऊपर प्रेशर बनाने के लिए ऐसा किया जा रहा है. लेकिन ईरान ने साफ़ किया कि ब्लॉकेड डील करने का रास्ता नहीं है. हालांकि, किसी भी पक्ष ने अभी तक आधिकारिक तौर पर बैठक की पुष्टि नहीं की है.
वीडियो: जेडी वेंस से भारतीय छात्रा ने धर्म पर सवाल किया, हिंदू पत्नी पर ऐसा बोल गए कि विवाद शुरू हो गया?

