नोएडा : आवारा कुत्तों ने 7 महीने के बच्चे को काटकर आंत बाहर निकाल दी, बच्चे की मौत!
सोसायटी के अंदर ही रहते थे आवारा कुत्ते!

उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित एक हाउसिंग सोसायटी में आवारा कुत्तों के हमले में घायल हुए सात महीने के बच्चे की मौत हो गई है. मामला नोएडा सेक्टर 100 में बनी लोटस बूलवर्ड सोसायटी का है. बच्चे के माता-पिता इस सोसायटी में मजदूरी का काम करते हैं. सोमवार, 17 अक्टूबर की दोपहर को वे सोसायटी में मेंटेनेंस का काम कर रहे थे. उसी दौरान सोसायटी में घूम रहे आवारा कुत्तों ने बच्चे पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया. बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था. मंगलवार, 18 अक्टूबर को उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. कुछ मीडिया रिपोर्टों में उसकी डेढ़ साल भी बताई गई है.
आजतक से जुड़े भूपेंदर चौधरी की रिपोर्ट के मुताबिक कुत्तों का हमला इतना घातक था कि बच्चे की आंत का एक हिस्सा बाहर निकल गया था. एक तरफ अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था, दूसरी तरफ बड़ी संख्या में लोग लोटस बूलवर्ड सोसायटी में इकट्ठा हो गए. वहां के माहौल में अफरा-तफरी मची थी. सोसायटी के एक निवासी विनोद शर्मा ने आजतक से बातचीत में बताया,
"सोसायटी के आवारा कुत्तों ने यहां काम कर रहे एक लेबर के बच्चे पर पर हमला कर दिया. यहां इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं. डॉग लवर आवारा कुत्तों को सोसायटी के अंदर ही फीड करते हैं. जिस वजह से इस तरह की घटनाओं का डर बना रहता है. नोएडा प्राधिकरण से कई बार शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती है."
सोसायटी के लोगों ने घटना को लेकर नोएडा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने बच्चे के परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली है. पता चला है कि बच्चे के माता-पिता मध्य प्रदेश के दमोह जिला के रहने वाले हैं. पिता का नाम राजेश है. वो और उनकी पत्नी दिहाड़ी मजदूर का काम कर बच्चे का पालन-पोषण कर रहे थे. राजेश ने बताया कि कुत्तों के हमले के बाद सोसायटी के लोगों ने बच्चे को यथार्थ अस्पताल में भर्ती करवाया था. इलाज के दौरान देर रात करीब 12 बजे बच्चे की मौत हो गई.
ये जानकारी मिलने के बाद सोसायटी के लोग गुस्से में हैं. इस बीच बच्चे का शव माता-पिता को सौंप दिया गया है. वे उसे लेकर मध्य प्रदेश के लिए निकल गए हैं. वहां सिंगरौली में उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा.
आरवम: केरल में बढ़ते कुत्तों के हमलों पर सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?

