जो बाइडन को मारने वाइट हाउस पहुंचा भारतीय मूल का लड़का, बैरिकैड में ट्रक घुसाया, हिटलर का फैन है
19 साल का आरोपी साईं वर्षित कांडुला जर्मनी के तानाशाह हिटलर से प्रभावित है. उसके ट्रक से नाजी झंडे मिलने की बात सामने आई है.

अमेरिका में वाइट हाउस के पास सिक्योरिटी बैरियर को कई बार ट्रक से टक्कर मारने का आरोपी भारतीय मूल का युवक निकला. उसका नाम साईं वर्षित कांडुला है. मंगलवार, 23 मई को उसे गिरफ्तार कर लिया गया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी के ट्रक से कई नाजी झंडे मिले हैं. ऐसा बताया गया है कि 19 वर्षीय ये युवक जर्मन तानाशाह हिटलर से प्रभावित है. वो अमेरिका के मिसूरी इलाके में रहता है. वो कथित रूप से राष्ट्रपति जो बाइडन का मारना चाहता था.
क्या है पूरा मामला?अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी स्थित वाइट हाउस के पास एक कई एकड़ इलाके में फैला हुआ पार्क है ‘लफाएत स्क्वायर’. 23 मई की रात को एक ट्रक ने इस पार्क के एक तरफ के सिक्योरिटी बैरियर्स में कई बार टक्कर मारी. कई न्यूज़ एजेंसीज़ ने घटना की पुष्टि की.
इंडियन एक्सप्रेस अखबार की एक खबर के मुताबिक़, घटना के एक चश्मदीद क्रिस ज़बोजी ने सोशल मीडिया पर इसका वीडियो डाला था. उन्होंने बताया कि उस वक़्त वो पैदल घर जा रहे थे, तभी लफाएत स्क्वायर के पास उन्हें ट्रक के टकराने की तेज आवाज सुनाई दी. वाहन सीधे बैरीकेड में घुस गया था. इसके बाद अमेरिकी पुलिस और सीक्रेट सर्विस एक्टिव हुई. पास के एक होटल को खाली करवा दिया गया और पार्क के आस-पास के रास्ते बंद कर दिए गए. गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ.
अमेरिकी न्यूज़ एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक घटना के कम से कम दो चश्मदीदों ने नाम न लिए जाने की शर्त पर जांच एजेंसियों को बताया कि आरोपी लड़का ट्रक से नाजी झंडे के साथ बाहर निकला था. जब पुलिस वाले उसकी तरफ बढ़े तो वो चिल्लाने लगा.
कौन है ये लड़का और क्या चाहता था?अगले दिन आरोपी के रूप में साईं वर्षित कांडुला की गिरफ्तारी हुई. स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिकी पुलिस ने बताया है कि वर्षित नाजी प्रशंसक है. वो कई महीनों से अमेरिकी सरकार से सत्ता अपने हाथों में लेना चाहता था. सीक्रेट सर्विस को दिए अपने बयान में वर्षित ने ये भी बताया कि वो मिसूरी के सेंट लुईस से वन-वे टिकट पर ट्रक लेकर आया था. उसका इरादा वाइट हाउस में घुसकर सत्ता अपने हाथों में लेना था.
रिपोर्ट्स के मुताबिक वर्षित ने जांच अधिकारियों से कहा कि अगर इस काम के लिए उसे राष्ट्रपति को मारना पड़ा तो वो ये भी करेगा. उसने ऑनलाइन नाजी झंडा ऑनलाइन खरीदा था. ये भी बताया कि वो नाजियों के इतिहास, उनके सत्तावादी स्वभाव और एक वैश्विक सरकार के विचार को पसंद करता है.
ट्रक कहां से मिला?वर्षित के ट्रक से पुलिस को कोई हथियार, गोला-बारूद नहीं मिला है. ये U-Haul ट्रक उसने वर्जीनिया प्रांत से किराए पर लिया था. U-Haul अमेरिका में किराए पर ट्रक देने वाली कंपनी है. उसके मुताबिक 18 साल या उससे ज्यादा उम्र का कोई भी व्यक्ति उससे ट्रक किराए पर ले सकता है. वर्षित के नाम पर भी ट्रक किराए पर लेने के लिए वैध कॉन्ट्रैक्ट है. उसके पूरे रिकॉर्ड में कोई रेड फ्लैग भी नहीं है. माने इसके पहले उसने ट्रक से कोई वारदात नहीं की है. इसीलिए कॉन्ट्रैक्ट के तहत उसे ट्रक दे दिया गया.
खबर लिखे जाने तक साईं वर्षित कुंडाला की मानसिक स्थिति को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई थी.
वीडियो: राष्ट्रपति जो बाइडन के घर FBI ने क्यो ली तलाशी, अलमारी में से क्या निकला?

.webp?width=60)

