The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • in up ballia a motorist was mowed down by a school bus dies

यूपी: स्कूल बस से दो बार कुचलकर प्रिंसिपल की मौत, वीडियो देख लोग बोले- हादसा नहीं हत्या है

आगे के पहिए के नीचे आने के बाद टीचर के शरीर में हलचल थी. लेकिन पीछे के पहिए से कुचलने के चलते उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

Advertisement
pic
21 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 21 अगस्त 2023, 09:06 PM IST)
in up ballia a motorist was mowed down by a school bus dies
घटना को लेकर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के बारे में बताते हुए सीओ एस एन वैभव पाण्डेय. (फोटो- ट्विटर)
Quick AI Highlights
Click here to view more

उत्तर प्रदेश के बलिया में 21 अगस्त को एक सड़क हादसे में स्कूल टीचर की मौत हो गई (Ballia Bus Accident Teacher Death). सुखपुरा थाना क्षेत्र में हुई इस दुर्घटना का वीडियो भी सामने आया है. इसमें दिख रहा है कि कैसे एक स्कूल बस टीचर को कुचलते हुए निकल जाती है. हादसे में बाइक सवार टीचर पहले बस के आगे वाले पहिए के नीचे आया. इसके बाद बस ड्राइवर ने पल भर के लिए बस रोकी. लेकिन फिर उसने गाड़ी आगे बढ़ा दी और पीछे के पहिए से टीचर को कुचल दिया.

फुटेज में ये भी दिख रहा है कि आगे के पहिए के नीचे आने के बाद टीचर के शरीर में हलचल थी. लेकिन पीछे के पहिए से कुचलने के चलते उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. इस दौरान आसपास के कुछ लोग बस रोकने के लिए ड्राइवर को जोर से आवाज देते दिख रहे हैं. 

15 सेकेंड के इस वीडियो में एक चीज हैरान कर गई. जिस समय बस ने टीचर को कुचला उसी वक्त गाड़ी के गेट के पास खड़ा एक व्यक्ति ये पूरी घटना देखता रहा. एक्सीडेंट होते ही पास में खड़ा एक आदमी चिल्लाता है. लेकिन बस ड्राइवर इतने में बस आगे बढ़ा देता है और बाइक सवार पिछले पहिए से भी कुचल कर मारा जाता है. ये पूरा घटनाक्रम वीडियो के रूप में सोशल मीडिया पर वायरल है.

आजतक से जुड़े संवाददाता अनिल अकेला की रिपोर्ट के मुताबिक घटना सुखपुरा थाना क्षेत्र स्थित हनुमानगंज चौकी के पास की है. वीडियो में दिख रही बस यहां के सेंट जेवियर्स स्कूल की बताई गई है. दुखद संयोग ये कि स्कूल बस ने एक स्कूल में पढ़ाने वाले शिक्षक की ही जान ले ली. इसके बाद इलाके में मौजूद लोगों पुलिस को घटना की सूचना दी.

रिपोर्ट के मुताबिक घटना में मृत व्यक्ति इलाके के कंपोजिट विद्यालय का प्रिंसिपल था. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. उसने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के बाद इलाके के लोगों ने कहा कि ये कोई हादसा नहीं, हत्या है.

घटना को लेकर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के बारे में बताते हुए सीओ एसएन वैभव पाण्डेय ने बताया कि पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और शव को अस्पताल पहुंचाया गया. उन्होंने आगे बताया कि मृतक व्यक्ति के परिवार के बयान के आधार केस दर्ज कर लिया गया है. वहीं घटना में शामिल बस और बस ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है. पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.

(ये भी पढ़ें: 'गर्मी में मृत्यु दर बढ़ जाती है', बलिया में 54 लोगों की मौत के बाद योगी के मंत्री का बयान)

वीडियो: 'गर्मी में मृत्यु दर बढ़ जाती है', बलिया में 54 लोगों की मौत पर योगी आदित्यनाथ के मंत्री का बयान

Advertisement

Advertisement

()