'मेरा धार्मिक विश्वास', राजा सिंह के खिलाफ 'सिर तन से जुदा' नारे लगवाने वाले ने खुद को सही बताया
सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर सैयद कशफ ने स्वीकार किया उसने हैदराबाद में राजा सिंह के खिलाफ ऐसे नारे लगवाए.

पैगंबर मोहम्मद (Prophet Mohammed) पर कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में अरेस्ट किए गए बीजेपी विधायक टी राजा सिंह (T Raja Singh) को जमानत मिल चुकी है. इस बीच राजा सिंह के खिलाफ तेलंगाना में विरोध प्रदर्शन हुए. रिपोर्ट्स हैं कि हैदराबाद में एक प्रदर्शन के दौरान विवादित नारा 'सिर तन से जुदा' लगाया गया. हैदराबाद के एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सैयद अब्दहु कशफ ने एक वीडियो ट्वीट कर बताया कि उन्होंने राजा सिंह के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान ये नारा लगवाया.
सैयद कशफ ने 23 अगस्त की सुबह एक वीडियो ट्विटर पर पोस्ट किया. कशफ ट्विटर पर खुद को पॉलिटिकल स्ट्रैटेजिस्ट और सोशल एक्टिविस्ट बताते हैं. अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा,
"हैदराबाद में सांप्रदायिक तनाव: सैयद अब्दहु कशफ ने हैदराबाद सिटी पुलिस कमिश्नर के आगे 'गुस्ताख ए रसूल की एक ही सजा, सिर तन से जुदा' नारे के साथ बीजेपी विधायक के खिलाफ प्रदर्शन का नेतृत्व किया. हम बीजेपी विधायक राजा सिंह की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करते हैं."
विवादित टिप्पणी करने के कारण राजा सिंह की गिरफ्तारी 23 अगस्त की सुबह हो गई थी. शाम होते-होते उन्हें जमानत मिल गई. लेकिन अब कशफ के वीडियो से विवाद छिड़ गया है. कशफ ने इंडिया टुडे से बातचीत करते हुए स्वीकार किया कि उन्होंने 'सिर तन से जुदा' का नारा लगाया और कहा कि उन्हें इसका कोई अफसोस नहीं है.
इंडिया टुडे चैनल पर सैयद अब्दहु कशफ ने कहा,
"प्रदर्शन में मैंने ही उस नारे का इस्तेमाल किया. मेरा कुछ भी असंवैधानिक काम करने का इरादा नहीं था. मेरा उद्देश्य सिर्फ यही था कि जिस व्यक्ति ने पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ खराब शब्दों का इस्तेमाल किया है उसे 'सिर तन से जुदा' वाली सजा मिले. यह मेरा धार्मिक विश्वास है."
जब कशफ से नारे के परिणाम के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि ‘हैदराबाद को पूरी तरह हम नियंत्रित करते हैं.’ वहीं आजतक पर बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि नारे लगाने के कारण कहीं कोई हिंसा नहीं हुई. कशफ ने कहा,
"सभी क्रिया की बराबर और विपरीत प्रतिक्रिया होती है. मैंने कोई ऐसा काम नहीं किया, जो बीजेपी के विधायक ने किया."
दरअसल, टी राजा सिंह ने कुछ दिन पहले एक वीडियो जारी किया था. इसमें उन्होंने स्टैंडअप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी और उनकी मां के लिए गालियों का इस्तेमाल किया था. उन्होंने फारूकी पर हिंदू समुदाय के लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया और बोलते-बोलते पैगंबर मोहम्मद पर भी विवादित टिप्पणी कर गए. इसके बाद हैदराबाद के अलग-अलग इलाकों में टी राजा सिंह के खिलाफ विरोध प्रदर्शन होने लगे.
दी लल्लनटॉप शो: गोधरा दंगों में बिलकिस बानो का गैंगरेप करने वाले 11 दोषी बाहर कैसे आए?

