अब शहडोल के राम किशोर ने केवल शक में पत्नी सरस्वती का सिर काटकर जमीन में गाड़ दिया
राम किशोर काम के लिए बाहर रहता था. वापस आया तो पत्नी सरस्वती पर शक करने लगा.
.webp?width=210)
श्रद्धा वालकर हत्याकांड के बाद देश के अलग-अलग हिस्सों से मिलते-जुलते आपराधिक मामले सामने आ रहे हैं. ताजा केस मध्य प्रदेश (madhya pradesh) के शहडोल जिले का है. यहां एक आदमी ने कथित रूप से बेवफाई के शक में पत्नी की हत्या कर दी. इसके बाद उसने वही काम किया जो श्रद्धा मर्डर केस (shraddha walker murder case) के आरोपी आफताब पूनावाला ने किया था. खबर के मुताबिक आरोपी पति ने मृत पत्नी का सिर काट कर जंगल में गाड़ दिया. घटना की शिकायत के बाद पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है.
शक में पत्नी की हत्या, सिर काटकर जंगल में गाड़ामामला शहडोल जिले के करोंदिया गांव का है. यहां के निवासी राम किशोर पटेल पर अपनी पत्नी सरस्वती पटेल की हत्या का आरोप है. राम किशोर को सरस्वती पर शक था की वो उसे धोखा दे रही है. दरअसल, आरोपी एक साल पहले मजदूरी करने घर से बाहर गया था. दिवाली में वो घर लौटा था. उसके बाद से वो अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करने लगा था. राम किशोर को लगता था कि उसकी पत्नी के दूसरो पुरुषों से संबंध हैं. बताया गया है कि इसी कारण उसने पत्नी की हत्या कर दी और फरार हो गया.
आजतक से जुड़े रवीश पाल सिंह और रावेंद्र शुक्ला की रिपोर्ट के मुताबिक शहडोल एसपी कुमार प्रतीक ने बताया कि करोंदिया गांव के एक अन्य व्यक्ति ने बीती 13 नवंबर को अपने भाई और भाभी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. इसके बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की. दो दिन बाद पुलिस को सूचना मिली की गांव के पास ही जंगल की झाड़ियों में महिला की साड़ी और स्वेटर पड़े हैं. पुलिस ने आगे पड़ताल की तो पाया कि वो कपड़े गायब महिला के ही हैं.
पुलिस ने अपनी जांच को आगे बढ़ाया और इलाके में सर्च ऑपरेशन भी चलाया. तभी एक मिट्टी के ढेर में खुदाई करने पर महिला का सिर मिला. उसकी पहचान सरस्वती पटेल के रूप में हुई. वहां से थोड़ी दूर पर महिला का धड़ भी जमीन में गड़ा हुआ मिला. इसके बाद पति राम किशोर की तलाश शुरू की गई, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला. बाद में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच में तेजी दिखाई. गांव वालों से उसे पता चला कि पति-पत्नी को आखिरी बार लकड़ी काटने के लिए जाते देखा गया था.
तमाम खोजबीन के बाद आखिरकार पुलिस ने राम किशोर को नरसिंहपुर के करेली से गिरफ्तार कर लिया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एसपी कुमार प्रतीक ने बताया कि आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या करने की बात मान ली है. राम किशोर ने पुलिस को बताया कि उसे सरस्वती के चरित्र पर संदेह था, इसलिए उसने जंगल ले जाकर पत्नी का सिर काट डाला. इसके बाद सिर और बाकी शरीर को अलग-अलग जगह पर गाड़ दिया. पुलिस को हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी मिल गई है.
वीडियो- CCTV में श्रद्धा के कातिल आफ़ताब के हाथ में क्या दिखा?

.webp?width=60)

