फ्रांस: मेट्रो स्टेशन पर चिल्लाई 'अल्लाह हू अकबर' तो पुलिस ने महिला को गोली मार दी
बताया जा रहा है कि महिला ने खुद को उड़ाने की धमकी दी थी, जिसके बाद हालात देखते हुए पुलिस ने उसे गोली मार दी. लेकिन ऐसे हालात बने क्यों?

फ्रांस (France) की राजधानी पेरिस में मेट्रो स्टेशन पर एक महिला को गोली मारे जाने की खबर है. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक हिजाब पहनी एक महिला को पुलिस ने गोली मार दी. वजह ये बताई गई कि महिला का बर्ताव काफी उग्र था. न्यूज एजेंसी के मुताबिक चश्मदीदों का कहना है कि महिला जोर-जोर से ‘अल्लाह हू अकबर’ बोल रही थी. उनका कहना है कि महिला ने खुद को ‘बम से उड़ाने की धमकी’ भी दी थी.
घटना मंगलवार, 31 अक्टूबर की है. इस मामले में अधिकारियों ने दो तरह की जांच शुरू की है. एक जांच महिला पर और दूसरी जांच ये कि इस मामले में पुलिस का हथियार इस्तेमाल करना सही था या नहीं.
13 अक्टूबर को स्कूल पर हुआ था हमलाफ्रांस हाल में एक स्कूल टीचर की हत्या के बाद से ही हाई अलर्ट पर है. यहां के अर्रास शहर में 13 अक्टूबर को एक टीचर की हत्या हुई थी. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक हमलावर ने एक स्कूल में टीचर और बच्चों पर हमला किया था, जिसमें टीचर की मौत हो गई थी. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने ‘अल्लाह हू अकबर’ चिल्लाते हुए स्कूल पर हमला किया था. अधिकारियों ने इस हमले को संबंध इजरायल-गाजा युद्ध से भी बताया था. उनके शब्दों में इसे ‘जिहादी माहौल’ से जोड़ा गया था.
बता दें कि 7 अक्टूबर को हमास के हमले के बाद जब इजरायल ने गाजा पर हमले की कार्रवाई शुरू की, तो फ्रांस ने इजरायल को अपना समर्थन दिया था. इजरायल-हमास संघर्ष में फ्रांस इजरायल के साथ है.
यहां देखें- अमेरिका सहित 5 देशों ने इजरायल के समर्थन में जारी किया संयुक्त बयान, कौन-कौन शामिल?
पुलिस ने महिला पर गोली क्यों चलाई?रिपोर्ट के मुताबिक बिब्लियोथेक नेशनेल डी फ्रांस (Bibliotheque Nationale de France) स्टेशन पर नकाबपोश महिला कह रही थी, ‘तुम सब मरने वाले हो’. सरकार के प्रवक्ता ओलिवियर वेरन के मुताबिक मेट्रो यात्रियों ने महिला की ‘बेहद आक्रामक, जिहादी टिप्पणियों’ की सूचना दी थी. जब पुलिस पहुंची, तो उन्होंने महिला को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन खतरे की आशंका को देखते हुए पुलिस के पास गोली चलाने के अलावा कोई विकल्प नहीं था.

गोली महिला के पेट में लगी. उसे इलाज के लिए नजदीकी हॉस्पिटल भेजा गया. पुलिस ने बताया कि घटना के बाद मेट्रो स्टेशन को खाली करा लिया गया था. AFP की रिपोर्ट के मुताबिक जांच में महिला के पास से किसी तरह का हथियार या विस्फोटक नहीं मिला.
पुलिस प्रमुख नुनेज़ ने कहा कि महिला की पहचान की अभी पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन वह वही व्यक्ति हो सकती है, जिसने 2021 में आतंकवाद विरोधी सेंटिनेल ऑपरेशन के शहरी गश्ती दल को धमकी दी थी. उसे मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी दिक्कतों के कारण साइकेट्रिक वार्ड में भी रखा गया था. सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इस मामले में दो तरह की जांच शुरू की गई है, एक महिला के खिलाफ और दूसरी पुलिस द्वारा हथियारों के इस्तेमाल की जांच शुरू की गई है.
ये भी पढ़ें- फ्रांस में स्कार्फ और बुर्के के बाद अबाया भी बैन, सरकार ने स्कूलों को लेकर क्यों लिया ये फैसला?
वीडियो: फ्रांस टीचर मर्डर: 'इस्लामी आतंकवाद' बता राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने क्या अपील की?

