The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Gurugram Police arrests 4 bouncers for beating up army person in Friction The Drinker Pub

गुरुग्राम: पब में सेना के जवान को बुरी तरह पीटने वाले बाउंसर अरेस्ट, जवान अस्पताल में भर्ती

म्यूजिक को लेकर हुई थी बहस. आरोप है कि बाउंसरों ने सुनील कुमार, खजान सिंह और अनिल कुमार को बेरहमी से पीटा.

Advertisement
pic
16 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 16 अगस्त 2022, 07:30 PM IST)
gurugram-Friction-Drinker-Pub-bouncer-beat-army-man
आरोपी बाउंसरों के खिलाफ IPC की धारा 323, 506 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया. (फोटो: इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

गुरुग्राम पुलिस ने उन बाउंसरों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनके ऊपर एक आर्मी मैन समेत तीन लोगों को बुरी तरह पीटने का आरोप है. पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आजतक के नीरज वशिष्ठ की रिपोर्ट के मुताबिक गुरुग्राम के एसीपी क्राइम प्रितपाल सिंह ने बताया,

म्यूजिक बंद करने पर बहस हुई थी. जिसके बाद बाउंसरों ने मारपीट शुरू कर दी. इस संबंध में IPC की धाराओं 323, 506 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने तेजी से कार्रवाई शुरू की और 4 आरोपी बाउंसरों को हिरासत में लिया. आरोपियों की पहचान राहुल (24 वर्ष), मोनू (30 वर्ष), नवीन (29 वर्ष) और सतीश (31 वर्ष) के तौर पर हुई. आरोपियों से पूछताछ की जा रही है.

Gurugram के Friction The Drinker Pub में हुआ हमला

आजतक से जुड़े नीरज वशिष्ठ की रिपोर्ट के मुताबिक, हरियाणा के रोहतक के रहने वाले तीन भाई सुनील कुमार, खजान सिंह और अनिल कुमार 14 अगस्त की देर रात करीब साढ़े 11 बजे के आसपास फ्रिक्शन दी ड्रिंकर पब में गए थे. सुनील कुमार के मुताबिक, थोड़ी देर बाद पब वालों ने म्यूजिक बंद कर दिया. इसपर अनिल कुमार ने बाउंसर से एक गाना बजाने की रिक्वेस्ट कर दी. सुनील का आरोप है कि बाउंसर ने गाना तो नहीं बजवाया, लेकिन अनिल के साथ बहसबाजी करने लगा. इसी दौरान कुछ और बाउंसर वहां आ गए और तीनों भाइयों को पब से बाहर ले गए. शिकायत के मुताबिक, बाउंसरों ने पब के बाहर सुनील, अनिल और खजान की बुरी तरह पिटाई की. उन्हें डंडों से पीटा गया. तीनों भाइयों को कई जगहों पर चोटें आई हैं.

घटना के बाद पीड़ितों ने गुरुग्राम के DLF थाने में शिकायत दर्ज कराई. रिपोर्ट के मुताबिक, सुनील ने बताया कि वो सेना की गोरखा रेजीमेंट में नायक के पद पर हैं. वहीं खजान सिंह वायु सेना में टेक्निकल स्टाफ में रह चुके हैं. पीड़ितों का कहना है कि पिटाई के दौरान उन्होंने बाउंसरों को बताने की कोशिश की थी कि वो आर्मी और एयर फोर्स के लिए काम करते हैं, इसके बावजूद आरोपियों ने उनकी एक नहीं सुनी और उन्हें बेरहमी से पीटते रहे.

सुनील ने पुलिस को बताया कि उन्हें अगले ही दिन ड्यूटी जॉइन करनी थी. हालांकि, इस घटना की वजह से वो गुरुग्राम स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती हैं.

गुरुग्राम के कासा डांज़ा क्लब में हुई थी हिंसा

गुरुग्राम के पब्स-क्लब्स में बतौर गार्ड तैनात बाउंसरों पर मारपीट के आरोप पहले भी लगते रहे हैं. हाल ही में यहां के उद्योग विहार इलाके में बने कासा डांज़ा पब के बाउंसरों पर एक लड़की से दुर्व्यवहार करने और उसके दोस्त से मारपीट करने का आरोप लगा था. सोशल मीडिया पर इस पब का वीडियो काफी वायरल हुआ था. इसमें आधा दर्जन बाउंसर पार्टी करने आए कुछ लोगों को पीटते नजर आए थे. आरोप था कि बाउंसरों ने पीड़ितों के साथ आई एक युवती पर अश्लील कॉमेंट करते हुए उससे दुर्व्यवहार किया था. इसपर लड़की के दोस्त ने विरोध जताया, तो बाउंसरों ने उसकी पिटाई कर दी. हालांकि, क्लब की तरफ से कहा गया था कि पहले लड़की के दोस्त ने दुर्व्यवहार किया था.

वीडियो देखें : मुकेश अंबानी को 9 बार जान से मारने की धमकी देने वाला अरेस्ट, असली नाम विष्णु, फोन पर बताया "अफजल"!

Advertisement

Advertisement

()