BJP ने जिसे गुना एनकाउंटर का मृतक आरोपी बताकर दिग्विजय सिंह के साथ दिखाया, वो जिंदा निकला!
मध्य प्रदेश बीजेपी के मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पराशर ने भी इस छोटू पठान की तस्वीर दिग्विजय सिंह के साथ शेयर की थी. इस तस्वीर में दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह भी हैं.

मध्य प्रदेश के गुना में तीन पुलिसकर्मियों की हत्या सियासी अखाड़े का खेल बन गई है. इसे लेकर बीजेपी और कांग्रेस एक-दूसरे पर आरोप लगाने का एक भी मौका नहीं छोड़ रही हैं. शुरुआत हुई गुना पुलिस के एक और एनकाउंटर में छोटू उर्फ जहीर नाम के आरोपी को मार गिराने के दावे से. इसके बाद कई बीजेपी नेता इसी नाम के एक व्यक्ति की तस्वीर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के साथ बताकर शेयर करने लगे. उन्होंने एनकाउंटर का शिकार बने व्यक्ति को छोटू पठान बताया और कहा कि दिग्विजय सिंह की तस्वीर में दिख रहा शख्स वही है. साथ ही ये सवाल उठाया कि पुलिस की हत्या करने वालों के दिग्विजय सिंह से क्या संबंध हैं?
'छोटू पठान' का वीडियोलेकिन मामले में दिलचस्प मोड़ तब आया जब खुद को छोटू पठान बताने वाले एक शख्स ने अपना एक वीडियो जारी किया. इसमें उसने कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया, बीजेपी प्रवक्ता डॉ हितेश वाजपेयी और पंकज चतुर्वेदी पर अफवाह फैलाने का आरोप लगाया है. उसने कहा कि तीन पुलिसवालों की हत्या में शामिल शिकारियों के साथ उसका कोई संबंध नहीं है.
छोटू पठान ने वीडियो में कहा,
"पुलिसवालों की हत्या में शामिल आरोपियों को सजा मिलनी चाहिए. मुझे इस पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन मैं ना तो शिकार का शौकीन हूं और ना ही मेरे पास कोई बंदूक है. मैं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील करना चाहता हूं कि मेरे खिलाफ चल रही अफवाहों को बंद करवाया जाए. और मुझे न्याय दिलाया जाए."
मध्य प्रदेश बीजेपी के मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पराशर ने भी इस छोटू पठान की तस्वीर दिग्विजय सिंह के साथ शेयर की थी. इस तस्वीर में दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह भी हैं. वहीं बीजेपी प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने ऐसी तस्वीर शेयर कर लिखा,
“शिकारियों के चचाजान और साथ में JV (जयवर्धन) भाईजान.”
इसके बाद दिग्विजय सिंह ने भी बीजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने इस वीडियो को रीट्वीट कर कहा,
क्या है पूरा मामला?“लो अब एक और उससे भी बड़ा झूठ!! जिस छोटू पठान का फोटो मेरे और जयवर्धन के साथ बताया गया है, वह छोटू पठान ही नहीं है जिसे गुना पुलिस ने एनकाउंटर में मारा. शिवराज जी, बीडी शर्मा जी, नरोत्तम मिश्रा जी अपनी फौज को सम्भालिए. महाराज की फ़ौज को बचाते बचाते आप स्वयं फंसते जा रहे हैं.”
गुना के सागा बरखेड़ा गांव में 14 मई को तड़के कुछ शिकारियों ने तीन पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी थी. शिकारी काले हिरण का शिकार करने पहुंचे थे. खुफिया जानकारी मिलने पर पुलिसकर्मी शिकारियों को पकड़ने पहुंचे थे. पुलिस ने बताया था कि जब पुलिस टीम ने शिकारियों को घेरा तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी थी. इसके बाद एनकाउंटर शुरू हुआ. इसी दौरान तीन पुलिसकर्मी मारे गए. इस मुठभेड़ में एक शिकारी की भी मौत हुई थी. पुलिस ने घटना के कुछ घंटों के बाद दो और शिकारियों को गिरफ्तार किया था.
पुलिस ने बाद में दो और आरोपियों नौशाद खान और शहबाज को एनकाउंटर में मार दिया था. गुना एसपी राजीव कुमार मिश्रा के मुताबिक इस मामले में तीन आरोपियों की एनकाउंटर में मौत हो चुकी है, वहीं 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. मंगलवार 17 मई की सुबह जिस व्यक्ति को एनकाउंटर में मारा गया, उसका नाम छोटू खान है और वो अशोक नगर जिले का रहने वाला है. पुलिस ने दावा किया कि उसका संबंध शिकारियों के साथ था.
वहीं राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि इस एनकाउंटर में एक कॉन्स्टेबल भी घायल हो गया. हत्याकांड में दो और आरोपी की तलाश जारी है. उन्होंने कहा कि इस केस में ऐसी कार्रवाई करेंगे जो इतिहास में नजीर बन जाएगी.
वीडियो: मध्य प्रदेश में इन 2 पुलिस एनकाउंटर पर क्यों उठ रही हैं उंगलियां?

