The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Guddu Muslim Arrest Claims Atique Murder Asad Encounter Umesh Pal

असद का एनकाउंटर, अतीक की हत्या, अब गुड्डू मुस्लिम भी पकड़ा गया?

उमेश पाल मर्डर केस में गुड्डू मुस्लिम पर बम मारने का आरोप है.

Advertisement
pic
16 अप्रैल 2023 (अपडेटेड: 16 अप्रैल 2023, 04:48 PM IST)
Guddu Muslim accused of bombing in Umesh Pal murder case
बम फेंकते हुए कैमरे में कैद हुआ था गुड्डू मुस्लिम. (फोटो: आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ (Atique Ahmed Ashraf Murder) की 15 अप्रैल की रात प्रयागराज (Prayagraj) में गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस हत्या को तब अंजाम दिया गया, जब मीडिया अतीक और अशरफ से सवाल कर रही थी. इस दौरान अशरफ एक सवाल के जवाब में गुड्डू मुस्लिम (Guddu Muslim) को लेकर कुछ बोलने ही वाला था कि तब तक फायरिंग शुरू हो गई. 24 फरवरी को हुए उमेश पाल की हत्या के मामले में पुलिस गुड्डू मुस्लिम की तलाश में लगी है. गुड्डू मुस्लिम पर उमेश पाल हत्याकांड में बम फेंकने का आरोप है. 

अतीक और अशरफ की हत्या के अगले दिन 16 अप्रैल को कई लोगों ने गुड्डू मुस्लिम के गिरफ्तार होने का दावा किया. बताया गया कि गुड्डू मुस्लिम को महाराष्ट्र के नासिक से गिरफ्तार किया गया है. हालांकि, ऐसा कुछ नहीं हुआ है. आजतक के दीपेश त्रिपाठी की रिपोर्ट के मुताबिक, नासिक पुलिस कमिश्नर अंकुश शिंदे ने गुड्डू मुस्लिम की गिरफ्तारी से इनकार किया है. उन्होंने बताया,

दिल्ली पुलिस की एक टीम हथियार से जुड़े एक मामले में वेलकम होटल में काम करने वाले एक वेटर से पूछताछ करने आई थी. देर रात पूछताछ कर उन्होंने वेटर को छोड़ दिया. एक गैंगस्टर के मोबाइल पर इस वेटर का कॉल आया था. वेटर ने बताया कि उसने मिस्ड कॉल वाले नंबर पर दोबारा कॉल किया तो सामने वाले ने गलती से नंबर डायल करने की बात बताई. बस इतनी ही बातचीत एक कॉल पर हुई थी. इस पूछताछ के बाद वेटर को जाने दिया गया. ये शख्स गुड्डू मुस्लिम नहीं है. यूपी एसटीएफ की किसी टीम ने अब तक हमसे कोई संपर्क नहीं किया है.

इससे पहले 13 अप्रैल को अतीक के बेटे असद और उसके सहयोगी गुलाम की मौत वाले दिन भी गुड्डू मुस्लिम के घेरे जाने की ऐसी ही खबरें आई थीं. ऐसे दावे किए गए थे कि उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स ने गुड्डू मुस्लिम को भी घेर लिया है. हालांकि, यूपी पुलिस के स्पेशल डीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐसी अटकलों से इनकार कर दिया था. प्रशांत कुमार ने बताया था कि ऐसा कोई अपडेट नहीं है. 

गुड्डू पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित है. उमेश पाल हत्याकांड के दौरान CCTV फुटेज में गुड्डू बम फेंकते हुए नजर आया था. गुड्डू पुराना हिस्ट्रीशीटर रहा है. उत्तर प्रदेश के तमाम माफियाओं से गुड्डू मुस्लिम के संबंध बताए जाते हैं. गुड्डू मुस्लिम के बारे में बताया जाता है कि वो गोली नहीं, बम मारकर हत्या करता है. लखनऊ के नाका इलाके में बम मारकर हत्या के मामले में उसे जेल भी भेजा गया था. 

ये भी पढ़ें- असद के बाद क्या गुड्डू मुस्लिम का भी 'एनकाउंटर' हो गया?

वीडियो: दिन में घेरा, रात में असद के बाद गुड्डू मुस्लिम का एनकाउंटर हुआ ? STF की कार्रवाई का पूरा सच ये रहा

Advertisement

Advertisement

()