The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Go First flight emergency landing in Coimbatore authority says False Alarm

GoFirst के यात्री मालदीव जा रहे थे, खराब अलार्म ने खाली-पीली इमरजेंसी लैंडिंग करवा दी

अलार्म बजा तो कहा गया प्लेन का इंजन गरम है. फ्लाइट लैंड करानी पड़ेगी तुरंत. नीचे जाकर पता चला अलार्म ही फालतू में बज रहा था.

Advertisement
pic
12 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 12 अगस्त 2022, 10:19 PM IST)
GO first flight
गो फर्स्ट फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग (फोटो- इंडिया टुडे/GO first)
Quick AI Highlights
Click here to view more

बेंगलुरु से मालदीव जा रही 'गो फर्स्ट' (GoFirst) की एक फ्लाइट की गलत अलार्म के कारण इमरजेंसी लैंड करानी पड़ गई. घटना शुक्रवार 12 अगस्त की है. 92 यात्रियों को लेकर फ्लाइट मालदीव की राजधानी माले जा रही थी. लेकिन इंजन के कथित रूप से गरम होने के कारण अलार्म बज गया और फ्लाइट को तमिलनाडु के कोयंबटूर में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. बाद में कोयंबटूर एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि अलार्म गलत तरीके से बज गया. विमान में किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं थी.

‘अलार्म में थी गड़बड़ी’

इंडिया टुडे से जुड़े अक्षय नाथ की रिपोर्ट के मुताबिक, बेंगलुरु से उड़ान भरने के करीब एक घंटे बाद अलार्म बजा था. इसके तुरंत बाद पायलट ने कोयंबटूर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी. एयरपोर्ट पर फ्लाइट दोपहर करीब एक बजे लैंड कर गई. वहां पहले से दमकल कर्मियों को तैयार कर दिया गया था. सभी यात्रियों को उतारा गया और फ्लाइट की जांच की गई. लेकिन कुछ भी गड़बड़ नहीं पाया गया.

कोयंबटूर एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने बताया, 

"इंजन के कथित रूप से गरम होने की वजह से अलार्म बज गया. लेकिन फ्लाइट सुरक्षित तरीके से लैंड कर गई. इंजीनियर्स ने इंजन की जांच की और बताया कि अलार्म में कुछ गड़बड़ी थी. फ्लाइट उड़ान भरने के लिए पूरी तरह से सुरक्षित है."

पूरी जांच के बाद फ्लाइट शाम बजे माले के लिए रवाना हो गई.

इमरजेंसी लैंडिंग की कई घटनाएं आईं

हाल के दिनों में विमानों की इमरजेंसी लैंडिंग की कई खबरें सामने आई हैं. इस तरह गलत अलार्म के कारण नहीं, बल्कि अलग-अलग तकनीकी वजहों से. पिछले हफ्ते ही गो फर्स्ट की एक फ्लाइट टेक ऑफ के कुछ ही मिनटों में पक्षी से टकरा गई, जिसके कारण फ्लाइट वापस अहमदाबाद लौट आई. वहीं बीती 20 जुलाई को दिल्ली से गुवाहाटी जा रही गो फर्स्ट की एक फ्लाइट की विंडशील्ड टूट गई थी. इसके कारण फ्लाइट को डायवर्ट कर जयपुर ले जाया गया था.

लगातार इमरजेंसी लैंडिंग की घटनाओं के कारण पिछले महीने नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिंया ने एयरलाइन कंपनियों के साथ बैठक की थी. मीटिंग में एयरलाइन कंपनियों से पिछले एक महीने में हुई तकनीकी खराबी की घटनाओं पर रिपोर्ट मांगी गई थी. साथ ही एयरलाइंस को सुरक्षा मानक बढ़ाए जाने के निर्देश दिए गए थे. 

दी लल्लनटॉप शो: एयरलाइंस में इमरजेंसी लैंडिंग, कौन सी बड़ी चूक सामने आई?

Advertisement

Advertisement

()