The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Georgia 11 Indians found dead at restaurant in a resort of Gudauri

जॉर्जिया के रिजॉर्ट में 11 भारतीयों की मौत, दूतावास ने की पुष्टि

जॉर्जिया के गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि मृतक संभवत: उसी रेस्टोरेंट में काम करते थे. वे लोग रेस्टोरेंट के दूसरे फ्लोर पर बेडरूम में मृत पाए गए.

Advertisement
pic
16 दिसंबर 2024 (अपडेटेड: 16 दिसंबर 2024, 09:20 PM IST)
Georgia Indians death
भारतीय दूतावास ने घटना पर एक बयान जारी किया है. (सांकेतिक तस्वीर- AP)
Quick AI Highlights
Click here to view more

यूरोपीय देश जॉर्जिया के एक रिजॉर्ट में 11 भारतीय मृत पाए गए हैं. जॉर्जिया की राजधानी तिबलिसी में भारतीय दूतावास ने इसकी पुष्टि की है. जॉर्जिया के गृह मंत्रालय ने एक बयान में बताया है कि शुरुआती जांच में मृतकों के शरीर पर चोट या हिंसा के कोई निशान नजर नहीं आए हैं. मामले की जांच चल रही है. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में वहां की पुलिस के हवाले से बताया गया है कि जहरीली गैस से दम घुटने के कारण सभी की मौत हुई है.

जॉर्जिया के गृह मंत्रालय ने क्या कहा?

जॉर्जिया की एक स्थानीय वेबसाइट के मुताबिक, ये घटना गुडौरी के एक माउंटेन रिजॉर्ट की है. 11 भारतीयों के अलावा एक जॉर्जियाई व्यक्ति भी मृत पाया गया है. 14 दिसंबर को जॉर्जिया के गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि मृतक संभवत: उसी रेस्टोरेंट में काम करते थे. वे लोग रेस्टोरेंट के दूसरे फ्लोर पर बेडरूम में मृत पाए गए.

मंत्रालय ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि बेडरूम के नजदीक एक इलेक्ट्रिक जेनरेटर रखा था. 13 दिसंबर को बिजली जाने पर वही जेनरेटर ऑन हुआ और फिर लगातार धुआं कमरे के भीतर भर गया. डेड बॉडी 14 दिसंबर को बरामद की गई थी. बयान में ये भी कहा गया कि 'मौत की असल वजहों' को जानने के लिए फोरेंसिक जांच की जा रही है.

georgia
गुडौरी देश के नॉर्थ में है और स्कीइंग-स्नोबोर्डिंग के लिए एक चर्चित जगह है.
भारतीय दूतावास ने क्या बताया?

16 दिसंबर को तिबलिसी स्थित भारतीय दूतावास ने एक बयान जारी किया. इसमें कहा गया, 

"जॉर्जिया के गुडौरी में 11 भारतीय नागरिकों के दुर्भाग्यपूर्ण निधन की खबर सुनकर भारतीय दूतावास को दुख पहुंचा है. मृतकों के परिवार के प्रति दूतावास अपनी संवेदना व्यक्त करता है. उनके शरीर को जल्दी भारत वापस भेजने के लिए दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है. हम मृतकों के परिवारों के साथ संपर्क में हैं और हरसंभव सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं."

रिपोर्ट्स के मुताबिक, जॉर्जिया के क्रिमिनल कोड के आर्टिकल-116 के तहत लापरवाही से मौत का मामला दर्ज हुआ है. इसी आधार पर मामले की जांच चल रही है. इस घटना में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान अभी उजागर नहीं की गई है.

वीडियो: दुनियादारी: डोनाल्ड ट्रंप कौन सा नया देश बनाने जा रहे? सोमालीलैंड का इतिहास क्या है?

Advertisement

Advertisement

()