अस्पताल हमले का मातम मना रहे गाजा में एक और हमला, 7 बच्चों सहित 9 की मौत
कहा जा रहा है कि गाजा में 18 अक्टूबर को कई और घरों पर हमला किया गया. दीर अल-बलाह शहर में भी एयर स्ट्राइक की खबर है. वहां मलबे में 20 महिलाओं और बच्चों के दबे होने की आशंका है.

दक्षिण गाजा के खान यूनिस शहर में एक घर पर एयर स्ट्राइक (Gaza Airstrike) की जानकारी सामने आई है. इलाके में रहने वाले लोगों और डॉक्टर्स ने मीडिया को बताया है कि इस हमले में सात छोटे बच्चो की मौत हुई है. परिवार के कुल नौ लोगों के मारे जाने की खबर है. अंतरराष्ट्रीय न्यूज एजेंसी AP की रिपोर्ट के मुताबिक, घर पर ये एयर स्ट्राइक 18 अक्टूबर को हुई.
द गार्डियन की रिपोर्ट के मुताबिक, हवाई हमले के बाद परिवार के लोगों को खान यूनिस के गाजा यूरोपीय अस्पताल में ले जाया गया. वहां डॉक्टर्स ने सभी को मृत घोषित कर दिया. अस्पताल के निदेशक डॉ. युसेफ अल-अक्कड़ ने भावुक होकर मीडिया से कहा कि ये एक नरसंहार है, दुनिया को देखना चाहिए कि ये सिर्फ बच्चे हैं. स्थानीय चिकित्सकों ने भी बच्चों की मौत होने की पुष्टि की है. कहा जा रहा है कि 18 अक्टूबर को कई और घरों पर हमला किया गया. दीर अल-बलाह शहर में भी एयर स्ट्राइक की खबर है. वहां मलबे में 20 महिलाओं और बच्चों के दबे होने की आशंका है.

फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 17 अक्टूबर को गाजा स्थित अल अहली अस्पताल पर इजरायली सेना ने रॉकेट से हमला किया जिसमें कम से कम 500 लोगों की मौत हो गई. अस्पताल में बड़ी संख्या में घायल और अन्य फिलिस्तीनियों ने शरण ली हुई थी. घटना के लिए इजरायल और फिलिस्तीनी चरमपंथी संगठन इस्लामिक जिहाद ने एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराया. अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन, ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रायसी, तुर्किए के राष्ट्रपति रेचप तैयब एर्दोगन और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन समेत दुनियाभर के कई बड़े नेताओं ने हॉस्पिटल पर हुए हमले की निंदा की.
इससे पहले इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने आरोप लगाया था कि हमास का ही रॉकेट मिसफायर होकर हॉस्पिटल पर गिर गया. इधर, इजरायल के दौरे पर पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने भी इजरायल को क्लीन चिट दे दी.
गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि युद्ध शुरू होने के बाद से गाजा में 3,478 लोग मारे गए हैं. 12,000 से ज्यादा घायल हुए हैं जिनमें ज्यादातर महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग हैं. इजरायल में भी करीब 1400 लोगों की मौत होने की खबर है.

