पाकिस्तान: इमरान खान को गोली लगी, रैली में फायरिंग हुई थी
इमरान खान के मार्च में ये गोलीबारी गुजरांवाला के वजीराबाद इलाके में हुई है.

पाकिस्तान (Pakistan) के गुजरांवाला में पूर्व पीएम इमरान खान (Imran Khan) के मार्च में फायरिंग हुई है. पाकिस्तानी अखबार डॉन के मुताबिक इमरान खान के पैर में 3 गोलियां लगी हैं. एक शख्स की मौत की पुष्टि भी हुई है. फायरिंग में इमरान खान के अलावा 9 अन्य लोग भी घायल हुए हैं. घायलों में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ (पीटीआई) के एक पूर्व सांसद फैजल जावेद खान और पूर्व राज्यपाल इमरान इस्मेल भी शामिल हैं. इमरान खान सहित सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
उधर, अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि पुलिस ने फायरिंग करने के एक आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है.
बता दें कि इमरान खान इस समय पाकिस्तान में आजादी मार्च निकाल रहे हैं. वे वर्तमान सरकार के खिलाफ सड़क पर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने ये मार्च तोशखाना मामले में उन्हें दोषी पाए जाने के बाद 28 अक्टूबर को शुरू किया था. गुरूवार, 3 नवंबर को इमरान खान का आजादी मार्च गुजरांवाला के वजीराबाद इलाके में पहुंचा. तभी भीड़ में एक व्यक्ति ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी.
तोशखाना मामला, जिसमें चली गई इमरान की सांसदीतोशखाना मामला 2018 का है. खान पर आरोप लगा था कि उन्होंने प्रधानमंत्री रहते हुए जो तोहफे लिए थे, उसके बारे में गलत जानकारी दी. उन्हें अरब देशों की यात्राओं के दौरान वहां के शासकों से महंगे गिफ्ट मिले थे. उन्हें कई यूरोपीय देशों के राष्ट्र प्रमुखों से भी बेशकीमती गिफ्ट मिले थे, जिन्हें इमरान ने तोशाखाना में जमा करा दिया था. लेकिन, इमरान खान ने बाद में तोशाखाना से इन्हें सस्ते दामों पर खरीदा और बड़े मुनाफे में बेच दिया. इस पूरी प्रक्रिया को उनकी सरकार ने बकायदा कानूनी अनुमति दी थी. आरोप लगा कि इससे इमरान खान को कुल 5.8 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था. पाकिस्तान के चुनाव आयोग ने ये आरोप सही पाए और बीते 22 अक्टूबर को इमरान खान की संसद सदस्यता रद्द कर दी. साथ ही 5 साल तक उनके चुनाव लड़ने पर भी पाबंदी लगा दी.
वीडियो: इमरान खान ने पाकिस्तान के टुकड़े होने की चेतावनी क्यों दी?

.webp?width=60)

