हाथ में सिगरेट, हंसते हुए राष्ट्रगान गाती लड़कियां, 30 सेकंड के वायरल वीडियो पर बवाल
पुलिस ने पकड़ा तो लड़कियां बोलीं- मजाक में बनाया था!

सोशल मीडिया पर कोलकाता की दो लड़कियों का एक वीडियो वायरल है. इसमें वे राष्ट्रगान (National Anthem) गाते हुए नज़र आ रही हैं. लेकिन जिस तरह से गा रही हैं, उस पर विवाद हो गया है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक दोनों लड़कियां नाबालिग हैं.
लोगों ने बताया ‘राष्ट्रगान का अपमान’वीडियो देखकर लगता है कि लड़कियां पहले से किसी से वीडियो चैट कर रही थीं. उसी दौरान राष्ट्रगान को लेकर कोई बात छिड़ी जिस पर लड़कियों ने राष्ट्रगान को गाना शुरू कर दिया. गाते हुए वो हंस रही हैं. उनके हाथ में सिगरेट है. एक लड़की सिगरेट हाथ में लेकर उसे झंडा बताने लगती है. इसके बाद दूसरी लड़की हाथ जोड़कर मजाकिया अंदाज में माफी मांगती है. किससे और किस बात पर, ये साफ नहीं है.
हम यहां साफ कर दें कि 30 सेकंड के इस वीडियो के पूरे बैकग्राउंड की जानकारी नहीं है. व्यक्तिगत बातचीत में कभी-कभी ऐसी चीजों पर भी हंसी-मजाक हो जाता है, जिनका सम्मान करना अनिवार्य होता है. राष्ट्रगान के मामले में भी ऐसा है. लेकिन हंसी-मजाक में उसे गाते हुए वीडियो बन जाने पर बवाल हो गया है. बंगाल में बीजेपी के नेता अनुपम भट्टाचार्य ने वीडियो को ट्वीट कर लिखा,
कौन हैं ये? राष्ट्रगान का अपमान करने के आरोप में इन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए. वीडियो को रीट्वीट करें ताकि इन्हें और इनके परिवार को ढूंढा जा सके.
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आते ही कई लोग दोनों लड़कियों के खिलाफ एक्शन लेने की मांग करने लगे.
पुलिस ने लड़कियों के बयान दर्ज किएइंडिया टुडे से जुड़ीं सूर्याग्नि रॉय की रिपोर्ट के मुताबिक वीडियो में दिख रही दोनों लड़कियों के खिलाफ FIR दर्ज हो चुकी है. बैरकपुर साइबर सेल ने रविवार, 9 अप्रैल को लड़कियों के खिलाफ FIR दर्ज की. बैरकपुर कमिश्नरेट के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने इंडिया टुडे को बताया कि पुलिस ने दोनों लड़कियों के बयान दर्ज कर लिए हैं.
पुलिस ने बताया कि वीडियो फेसबुक पर बनाया गया था. जांच एजेंसी डेटा मांगने के लिए फेसबुक के संपर्क में है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद मचे बवाल के चलते लड़कियों ने उसे डिलीट कर दिया था. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक इसके बाद लड़कियों ने दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव आकर कहा कि उन्होंने वो वीडियो मजाक में बनाया था.
ये भी पढ़ें- छत पर राष्ट्रगान बजाकर नाच रहा था, अब पुलिस सावधान-विश्राम करवा रही
वीडियो: तारीख: जब राष्ट्रगान बजता रहा और महात्मा गांधी बैठे रहे

