छत पर राष्ट्रगान बजाकर नाच रहा था, अब पुलिस सावधान-विश्राम करवा रही
26 जनवरी को बनाया था वीडियो.

उत्तर प्रदेश के मेरठ (Meerut) से राष्ट्रगान के अपमान का वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में एक युवक राष्ट्रगान पर डांस करता दिख रहा है. वीडियो में छत पर म्यूजिक सिस्टम के साथ कुछ युवक दिखाई दे रहे हैं. इस दौरान राष्ट्रगान पर एक युवक सलामी देता है, लेकिन अगले कुछ सेकेंड में वो युवक डांस करने लगता है. पुलिस ने वीडियो में डांस करते दिख रहे युवक को गिरफ्तार कर लिया है. आगे की जांच जारी है.
26 जनवरी के दिन की घटनाये मामला मेरठ के रेलवे रोड स्थित ईदगाह कॉलोनी का बताया जा रहा है. आजतक के उस्मान चौधरी की रिपोर्ट के मुताबिक घटना 26 जनवरी के दिन की है. जानकारी के मुताबिक छत पर म्यूजिक सिस्टम लगाकर राष्ट्रगान बजाया गया था. आरोप है कि इस दौरान एक युवक राष्ट्रगान पर ठुमके लगाने लगा था.

वीडियो में दिख रहा है कि काली जैकेट पहने युवक पहले तो सलामी की पोजीशन में खड़ा है. लेकिन कुछ सेकेंड बाद ही वह राष्ट्रगान पर डांस करने लगता है. उसके पीछे एक और युवक खड़ा है, जो डांस करने वाले युवक की हरकत पर ठहाके लगाता हुआ नजर आ रहा है. 29 सेकेंड के इस वीडियो के बैकग्राउंड से भी हंसने की आवाज़ आ रही है.
ये वीडियो सामने आने के बाद शुक्रवार, 27 जनवरी की देर शाम हिंदू जागरण मंच के पूर्व महानगर अध्यक्ष सचिन सिरोही संगठन के कई लोगों के साथ रेलवे रोड थाने पहुंचे. थाने पर नारेबाजी की गई. राष्ट्रगान पर डांस करने वाले युवकों के खिलाफ पुलिस से एक्शन लेने की मांग की गई.
मुख्य आरोपी हिरासत मेंपुलिस ने वीडियो की जांच के बाद दो युवकों की पहचान की. राष्ट्रगान पर डांस करने वाले युवक का नाम अदनान बताया गया है, जो ईदगाह कॉलोनी का रहने वाला है.
मेरठ के एसपी सिटी पीयूष सिंह ने बताया,
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें कुछ लड़के राष्ट्रगान की धुन पर नृत्य करते नजर आ रहे हैं. इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए थाना रेलवे रोड में मुकदमा दर्ज किया गया है. मामले के मुख्य आरोपी अदनान को हिरासत में ले लिया गया है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है.
वहीं वीडियो में दिखाई देने वाले दूसरे युवक का नाम रूहल बताया गया है, जिसे पुलिस तलाश रही है.
राष्ट्रगान का अपमानराष्ट्रगान के संदर्भ में प्रिवेंशन ऑफ इंसल्ट्स टू नेशनल ऑनर एक्ट, 1971 में नियम बनाए गए हैं. इसके मुताबिक राष्ट्रगान का अपमान करने पर 3 साल तक की कैद या जुर्माना हो सकता है.
1971 के प्रिवेंशन ऑफ इंसल्ट्स टू नेशनल ऑनर एक्ट के सेक्शन 3 के मुताबिक, जानबूझ कर किसी को राष्ट्रगान गाने से रोकने या राष्ट्रगान के दौरान बाधा पहुंचाने पर 3 साल तक की कैद की सजा या जुर्माना या दोनों हो सकता है.
वीडियो: भारत जोड़ो यात्रा में चला नेपाली राष्ट्रगान, राहुल गांधी को ट्रोल करने लगे लोग

