भारत सरकार ने पहली बार किसी IRS अधिकारी का नाम, लिंग बदले, क्या मामला है?
IRS अधिकारी अनुसूय्या ने नाम बदलने और लिंग महिला से पुरुष करने का अनुरोध किया था. आदेश के बाद उनकी पहचान आधिकारिक रिकॉर्ड में अपडेट किया जाएगा.

भारत सरकार ने एक ऐतिहासिक फैसले में राजस्व सेवा के अधिकारी को नाम और लिंग बदलने की अनुमति दी है. केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने IRS अधिकारी एम अनुसूय्या के अनुरोध को स्वीकार किया है. जिनका नाम अभी तक फाइलों में एक महिला के तौर पर दर्ज होता था. लेकिन अब वो आधिकारिक रूप से एम अनुकाथिर सूर्या कहलाएंगे और उनका नाम एक पुरुष की तरह दर्ज होगा. सूर्या 2013 बैच के IRS अधिकारी हैं.
द हिंदू बिजनेसलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, एम अनुसूय्या सेंट्रल बोर्ड ऑफ इनडायरेक्ट टैक्सेस एंड कस्टम्स (CBIC) के अधिकारी हैं. फिलहाल हैदराबाद में कस्टम्स, एक्साइज एंड सर्विस टैक्स अपीलेट ट्रिब्यूनल (CESTAT) के चीफ कमिश्नर ऑफिस में जॉइंट कमिश्नर हैं. 9 जुलाई को वित्त मंत्रालय ने एक आदेश जारी कर उनके नाम और लिंग बदले जाने का आदेश जारी किया.
रिपोर्ट बताती है कि अनुसूय्या ने नाम बदलने और लिंग महिला से पुरुष करने का अनुरोध किया था. आदेश के बाद उनकी पहचान आधिकारिक रिकॉर्ड में अपडेट किया जाएगा.

वित्त मंत्रालय ने अपने आदेश में कहा है कि ये फैसला बताता है कि सरकार कर्मचारियों की निजी पहचान की पसंद को सपोर्ट करने के लिए प्रतिबद्ध है. यह दूसरे विभागों के लिए एक मानक बना है. जो समावेशी वर्क कल्चर को बढ़ावा देगा.
ये भी पढ़ें- केरल में महिला से पुरुष बने व्यक्ति के गर्भवती होने की असल कहानी
NDTV की रिपोर्ट बताती है कि अनुसूय्या ने दिसंबर 2013 में चेन्नई में असिस्टेंट कमिश्नर के तौर पर करियर की शुरुआत की थी. 2018 में वे डिप्टी कमिश्नर बनाए गए थे. पिछले साल वे हैदराबाद में जॉइंट कमिश्नर के पद पर पहुंचे.
अनुसूय्या ने मद्रास इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्यूनिकेशन में स्नातक की डिग्री ली है. वहीं, साल 2023 में उन्होंने भोपाल की नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी से सायबर लॉ और सायबर फोरेंसिक्स में पीजी डिप्लोमा किया था.
वीडियो: सेक्स चेंज स्टोरी: समाज के तानों ने रायचुर के लड़के को ट्रांसजेंडर बनाया, अब पूजा बनी टीचर मैडम

