एक ही परिवार के 5 लोगों ने आत्महत्या की, वीडियो बनाकर कहा था दुकान घाटे में चल रही
घटना कर्नाटक के तुमकूरु की है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक मामला आर्थिक तंगी और मानसिक उत्पीड़न के कारण सुसाइड का बताया जा रहा है.

कर्नाटक के तुमकूरु (Tumakuru) से एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत का मामला सामने आया है. इंडिया टुडे की अनाघा की रिपोर्ट के मुताबिक रविवार, 26 नवंबर की रात परिवार के पांचों सदस्य घर में मृत पाए गए. अब तक मिली जानकारी के मुताबिक ये मामला आर्थिक तंगी के कारण सुसाइड से मौत का बताया जा रहा है. मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे हैं.
सुसाइड से पहले वीडियो बनायाजानकारी के मुताबिक 33 साल के गरनेब ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो डाला था. वीडियो में उन्होंने अपनी आर्थिक दिक्कतों के बारे में बताया था. साथ ही, कुछ लोगों का नाम लेते हुए उन्हें और उनके परिवार को परेशान किए जाने का आरोप लगाया था. इसी वीडियो में गरनेब ने सुसाइड की बात कही थी.
ये भी पढ़ें- ब्रह्माकुमारी आश्रम में दो बहनों ने सुसाइड किया, 'आरोपियों को आसाराम की तरह सजा हो'
सोशल मीडिया पर गरनेब का वीडियो देखकर कुछ लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी. लोग जब घर पहुंचे, तो वहां पूरे परिवार को मृत पाया गया. गरनेब और उनकी पत्नी सुमैय्या (उम्र 30 साल) की लाश साथ में थी. वहीं तीन बच्चों हजिरा (14 साल), मोहम्मद सुबान (10 साल) और मोहम्मद मुनीर (8 साल) के शव बेड पर पड़े थे.
तुमकूरु के सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (SP) अशोक केवी ने बताया,
"कल (27 नवंबर की) शाम करीब 7:30 बजे हमें सूचना मिली कि एक ही घर में पांच शव मिले हैं. दो वयस्कों के शव थे और 3 बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े हुए पाए गए थे."
मृतकों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है.
घाटे में चल रही थी दुकानवीडियो में गरनेब ने बताया था कि उनकी कबाब की दुकान है, जिससे घर का खर्च चलता है, लेकिन वो घाटे में चल रही है. गरनेब ने कुछ लोगों पर उन्हें और उनके परिवार को परेशान करने का आरोप लगाया. गरनेब ने कहा था कि कलंदर नाम का व्यक्ति उन्हें आए दिन गालियां देता है, धमकी देता है. वीडियो में गरनेब ने कलंदर पर उनके परिवार के बारे में अफवाहें फैलाने का आरोप लगाया. उन्होंने चार और लोगों के नाम लिए और कहा कि वही लोग उनके और उनके परिवार की मौत के लिए जिम्मेदार हैं. वीडियो में गरनेब ने उन्हीं पांच लोगों के खिलाफ कड़ी सजा की मांग की थी.
पुलिस के मुताबिक गरनेब ने वीडियो बनाने के अलावा एक सुसाइड नोट भी लिखा था. पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है.
(अगर आप या आपके किसी परिचित को खुद को नुकसान पहुंचाने वाले विचार आ रहे हैं तो आप इस लिंक में दिए गए हेल्पलाइन नंबरों पर फोन कर सकते हैं. यहां आपको उचित सहायता मिलेगी. मानसिक रूप से अस्वस्थ महसूस होने पर डॉक्टर के पास जाना उतना ही ज़रूरी है जितना शारीरिक बीमारी का इलाज कराना. खुद को नुकसान पहुंचाना किसी भी समस्या का समाधान नहीं है.)
वीडियो: देवरिया कांड पर बोला प्रेम चंद्र यादव का परिवार, हमें भी न्याय चाहिए

