सांप तस्करी, ड्रग्स पार्टी के आरोपों के बीच एल्विश यादव कहां नजर आए?
महाराष्ट्र में विपक्षी पार्टियों ने एल्विश यादव को लेकर सीएम एकनाथ शिंदे पर सवाल उठाया है. विधानसभा में विपक्षी नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि एल्विश जैसे “जहरीले नशेड़ी” मुख्यमंत्री के बंगले पर आसानी से प्रवेश कर रहे हैं.

नोएडा में रेव पार्टियों में सांपों के जहर के कथित इस्तेमाल का मामला 3 नवंबर को सामने आया. बिग बॉस विनर एल्विश (Elvish Yadav) यादव समेत 5 अन्य लोगों पर इस मामले में FIR दर्ज की गई. साथ ही पांच लोगों को हिरासत में भी लिया गया. एल्विश पर तस्करी से लेकर गैर-कानूनी तरीके से रेव पार्टी आयोजित कराने का आरोप भी लगा है. एल्विश ने पुलिस के साथ मामले की जांच में सहयोग की बात भी कही. रेड के बाद पुलिस ने बाकी लोगों को तो अरेस्ट कर लिया, लेकिन एल्विश अभी तक पहुंच से बाहर है. ये सवाल दिनभर उठता रहा कि एल्विश यादव कहां हैं?
3 नवंबर की रात आते-आते पता चल गया. एल्विश यादव को मुंबई में देखा गया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एल्विश यादव को मुंबई के अंधेरी में स्पॉट किया गया है. अंधेरी से एल्विश की कुछ तस्वीरें भी मीडिया में छाई रहीं. इतना ही नहीं इस मामले में अब महाराष्ट्र में भी राजनीति शुरू हो गई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक एल्विश यादव ने बीते महीने गणपति उत्सव के दौरान महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे के आवास पर जाकर आरती में हिस्सा लिया था. अब विपक्षी पार्टियों ने इसको लेकर एकनाथ शिंदे पर हमला बोला है.
महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्षी नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि एल्विश जैसे “जहरीले नशेड़ी” मुख्यमंत्री के बंगले पर आसानी से प्रवेश कर रहे हैं. सीएम शिंदे उनका शॉल और नारियल से स्वागत कर रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वडेट्टीवार ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या मुख्यमंत्री एल्विश यादव जैसे नशे के कारोबारी और महिलाओं के बारे में अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वाले शख्स को प्रदेश के युवाओं के लिए रोल मॉडल बनाने में मदद कर रहे हैं?
वहीं कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अतुल लोंढे ने कहा, मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ बंगले तक आम जनता का पहुंचना मुश्किल है. आवास में प्रवेश के दौरान लोगों को विभिन्न स्तरों की सुरक्षा जांच से गुजरना होता है. लेकिन ऐसा लगता है कि सीएम के कार्यकाल में गुंडों को आसानी से प्रवेश की छूट मिल गई है. ऐसा लगता है कि सीएम आवास अपराधियों के लिए पर्यटन स्थल बन गया है.
NGO के स्टिंग के बाद मामले सामने आयाइंडिया टुडे से जुड़े अरविंद ओझा की रिपोर्ट के मुताबिक, एक NGO ने स्टिंग ऑपरेशन के आधार पर मामले की शिकायत नोएडा पुलिस से की थी. जिसके आधार पर पुलिस ने सेक्टर 49 इलाके में रेड की. इसी दौरान पांच आरोपी पकड़े गए. FIR के मुताबिक, पुलिस को मौके से 20 मिलीमीटर स्नेक वेनम और 9 जहरीले सांप मिले हैं. इनमें 5 कोबरा, एक अजगर, दो दोमुंहा सांप और एक रैट स्नेक शामिल हैं.
इस मामले में पकड़े गए लोगों, यूट्यूबर एल्विश यादव और गैंग के बाकी साथियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम (Wild Life Protection Act) 1972 की धारा 9, 39, 48ए, 49, 50 और 51 के तहत केस दर्ज किया गया है. जो धाराएं लगाई गईं हैं वो गैर जमानती हैं. पांच आरोपियों की पहचान राहुल, टीटूनाथ, जयकरन, नारायण और रविनाथ के तौर पर हुई है.
(ये भी पढ़ें: "मेरी जिम्मेदारी..."- सांप तस्करी, ड्रग्स पार्टी के आरोपों पर एल्विश यादव ने क्या जवाब दिया?)

