बिल जमा नहीं किया तो घर से कूलर, पंखा, टीवी, फ्रिज उठा ले गई बिजली कंपनी
घर भी सील कर रही है कंपनी.
.webp?width=210)
मध्य प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं से बिल वसूलने का विवादित तरीका अपनाया जा रहा है. बिजली कंपनी के लोग बिल (Electricity Bill) नहीं चुकाने वाले उपभोक्ताओं के घरों से उनका निजी सामान उठा ले जा रहे हैं. प्रदेश के पश्चिमी क्षेत्र में एक बिजली कंपनी बकायेदारों के साथ ऐसा कर रही है. कंपनी बिजली का बकाया बिल वसूलने के लिए लोगों के घरों से सामान उठा ले जा रही है.
आज तक से जुड़े रवीश पाल सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक, मध्य प्रदेश के उज्जैन में बिजली कंपनी ने बिजली का बिल वसूलने के लिए लोगों के घरों से सामान उठाना शुरू कर दिया है. कंपनी ने उज्जैन में 20 नवंबर को सात घरों से फ्रिज, टीवी, कूलर, हीटर और अन्य चीजें जब्त कर लीं. अब इन सामानों को कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी.
घर सील कर रही कंपनीबिजली कंपनी से जुड़े राजेश हारोड़ ने आज तक को बताया कि यहां लोग साल भर से बिजली का इस्तेमाल कर रहे हैं. लेकिन जब बिजली का बिल देने की बात आती है, तो कई लोग बिल जमा नहीं करते हैं. हारोड़ ने बताया कि कई लोगों पर करीब 40 हजार से 90 हजार रुपये से अधिक का बिल बकाया है. इसको लेकर कंपनी ने अब लोगों के घरों से सामान जब्त करना शुरू कर दिया है. कंपनी ने तीन लोगों के घर से फ्रिज, टीवी, कूलर, हीटर और अन्य सामान जब्त किए हैं. कंपनी लोगों के घरों को सील करने की कार्रवाई भी कर रही है.
हारोड़ ने आगे बताया कि अब इस सामान को कुर्क किया जाएगा और इससे मिलने वाली राशि से बिजली बिल की भरपाई की जाएगी. जिन घरों से सामान जब्त किया गया है, वहां दो तीन साल से बिजली का बिल जमा नहीं किया गया है. करीब 200 लोगों पर बिजली कंपनी का 1.70 करोड़ रुपये बकाया है. इन लोगों को कुर्की का नोटिस जारी किया गया था, जिनमें से 70 लोगों ने बिजली का बिल जमा कर दिया है.
वीडियो- रोड शो के दौरान मोदी-मोदी के नारे लगाने वालों को अरविंद केजरीवाल ने ये जवाब दिया

.webp?width=60)

