भारत को 'नरक' मानते हैं डॉनल्ड ट्रंप, आखिर सामने आ गई मन की बात
ट्रंप ने माइकल सैवेज के शो का ट्रांसक्रिप्ट ट्रूथ सोशल पर शेयर किया है. जिसमें सैवेज ने कहा है कि 'यहां बच्चा पैदा होते ही इंस्टेंट सिटीजन बन जाता है, फिर पूरा परिवार चीन या भारत या प्लैनेट के किसी और हेलहोल से आ जाता है.' उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय और चीनी गर्भावस्था के नौवें महीने में आकर यहां बच्चा ‘ड्रॉप’ करते हैं.

"यहां (US) पैदा हुआ बच्चा तुरंत नागरिक बन जाता है, और फिर वो चीन, भारत या दुनिया के किसी नरक से अपना पूरा परिवार ले आते हैं."
भारत और चीन जैसे देश इन्हें नरक लगते हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप अक्सर घटियापन के निचले स्तर को छूकर टक्क से वापस आ जाते हैं. जाकर आना स्वाभाविक क्रिया है. लेकिन बेहूदेपन के निम्नतम स्तर पर बार-बार जाना कोई ट्रंप से सीखे. इस बार ट्रंप ने माइकल सैवेज नाम के कट्टरपंथी लेखक और रेडियो होस्ट के एक नफरत भरे वीडियो और ट्रांसक्रिप्ट को शेयर किया और एंडोर्स किया, जिसमें भारत और चीन जैसे देशों को ‘हेल होल’ बताया गया है. यानी ऐसी जगह जो बेहद बुरी, गंदी, घिनौनी, दयनीय या खतरनाक हो.
ट्रंप ने माइकल सैवेज के शो का ट्रांसक्रिप्ट ट्रूथ सोशल पर शेयर किया है. जिसमें सैवेज ने कहा है कि 'यहां बच्चा पैदा होते ही इंस्टेंट सिटीजन बन जाता है, फिर पूरा परिवार चीन या भारत या प्लैनेट के किसी और हेलहोल से आ जाता है.' उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय और चीनी गर्भावस्था के नौवें महीने में आकर यहां बच्चा ‘ड्रॉप’ करते हैं.
ट्रंप ने दावा किया कि कैलिफोर्निया के टेक सेक्टर की नौकरियों पर भारत और चीन के लोगों का वर्चस्व है, जिससे अन्य लोगों के लिए अवसर सीमित हो गए हैं.
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक इस वीडियो को माइकल सैवेज ने 1 अप्रैल को अपने यूट्यूब चैनल पर लाइव स्ट्रीम किया था. इसमें सैवेज ने जन्म के आधार पर अमेरिकी नागरिकता मिलने को लेकर अपनी कट्टरपंथी सोच को जाहिर किया. कहा, "अमेरिकी संविधान तब लिखा गया जब लोग हवाई यात्रा भी नहीं करते थे. अब यहां अंग्रेजी नहीं बोली जाती. आज आने वाले अप्रवासी वर्ग के बीच इस देश के प्रति लगभग कोई वफादारी नहीं है, जबकि हमेशा ऐसा नहीं था."
ट्रंप ने अमेरिकन सिविल लिबर्टीज यूनियन (ACLU) को एक आपराधिक संस्था करार दिया और सुझाव दिया कि ACLU पर संगठित अपराध के खिलाफ इस्तेमाल होने वाले RICO कानूनों के तहत एक्शन होना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रवासी स्वास्थ्य सेवा जैसी सार्वजनिक सुविधाओं का दुरुपयोग कर रहे हैं और टैक्स देने वाले अमेरिकी नागरिकों पर इसका बोझ पड़ रहा है.
माइकल सैवेज ने अपने शो में प्रवासियों को लेकर जितनी भी गंदगी फैलाई है, ट्रंप ने उसे मंच दिया है. गौरतलब है कि ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल के पहले ही दिन एक ऑर्डर पर दस्तखत किए थे. इस ऑर्डर का मकसद उन बच्चों को अमेरिका की जन्मजात नागरिकता देने से रोकना था, जिनका जन्म अमेरिका में ऐसे माता-पिता से हुआ था जो देश में या तो गैर-कानूनी तरीके से रह रहे थे या फिर अस्थाई तौर पर.
हालांकि ये ऑ्डर अभी लागू नहीं हो पाया है, क्योंकि कई निचली अदालतों ने तुरंत इसे असंवैधानिक करार दे दिया था. इस मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में चल रही है.
लेकिन फैसला आने से पहले ही ट्रंप की हरकतें उनकी मंशा साफ जाहिर कर रही हैं. इन हरकतों का असर भारत में दिखाई देने लगा है. टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने X पर पीएम मोदी से सवाल पूछा है, “मोदी जी आपके फ्रैंड ट्रंप ने भारत को नरक का ढेर और सभी भारतीयों को लैपटॉप वाले गैंगस्टर कहा है. क्या आप प्रोटेस्ट करने जा रहे हैं या बंगाल में अपनी अगली चुनावी रैली के लिए बस खी खी करने जा रहे हैं?”

ट्रंप के इस बयान पर अभी तक भारत से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. जो भी अपडेट होगा हम आप तक पहुंचाते रहेंगे.
वीडियो: दुनियादारी: ईरान के पाकिस्तान न पहुंचने पर ट्रंप की धमकी फुस्स हो गई?

