सलमान खान की बिल्डिंग में मिला डेंगू का मच्छर, पक्का ये किया होगा!
वो भी एक नहीं, दो-दो जगह!

"घर और आसपास सफाई रखो डेंगू फैल रहा है. काट लिया तो ऐसा बीमार पड़ोगे कि अस्पताल के बेड पर लेटना पड़ सकता है."
ये कहते-कहते नगर निगम वाले थक गए, लेकिन लोग हैं कि सफाई रखते ही नहीं. कोई घर को साफ रख भी ले, लेकिन आस-पड़ोस में डेंगू का लार्वा पनपने से कैसे रोके! जिस बिल्डिंग के अपार्टमेंट में रहते हैं, उसके दूसरे कोनों की सफाई करने कौन जाता है भला! डेंगू पनप गया, तो पनप गया. मच्छर ने काट लिया, तो काट लिया. इलाज करा लेंगे. एक पर्सेंट तो फटैलिटी रेट है. कितने ही सीरियस होते होंगे. हमें कुछ नहीं होगा. ईश्वर की कृपा है हम पर. काटेगा तो पता चल ही जाएगा.
ये सब सोचने वालों के लिए एक खबर है. फिल्म अभिनेता सलमान खान जहां रहते हैं, उस गैलेक्सी अपार्टमेंट में डेंगू मच्छर मिला है. वो भी दो-दो जगह. पिछले हफ्ते "सल्लू भाई" को डेंगू होने की खबर आई थी. उसके बाद बृह्नमुंबई महानगरपालिका (BMC) के लोग हाई प्रोफाइल बांद्रा गैलेक्सी अपार्टमेंट पहुंचे थे. बिल्डिंग के कोने-कोने में घुसकर देखा तो डेंगू का लार्वा मिला. यहां ये बता दें कि लार्वा बिल्डिंग में मिला है, सलमान के घर में नहीं. अधिकारियों ने बिल्डिंग में रह रहे लोगों को कोई नोटिस जारी नहीं किया है. इसलिए ये साफ नहीं है कि बिल्डिंग में मौजूद किसी फ्लैट में लार्वा मिला है या केवल बाहर की जगहों पर हुए निरीक्षण में इसका पता चला.
अब सोचिए, इतनी साफ-सफाई वाली जगह पर डेंगू पनप सकता है, तो फिर आम लोगों के घरों और उनके इलाकों की बात ही क्या. इसलिए अपने आसपास सफाई रखें. खुले में साफ पानी इकट्ठा ना होने दें. और लगे कि डेंगू पनपने के आसार हैं, तो स्थानीय नगर निगम को फोन लगाकर बुला लो. वो डेंगू मारने वाला धुआं-धुआं कर जाएंगे. सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट में हुआ है. बिल्डिंग में डेंगू लार्वा मिलने के बाद BMC ने वहां और आसपास के इलाकों में धुआं छोड़ा है. ये भी बताया है कि निरीक्षण के वक्त सलमान खान अपने घर में नहीं थे.
चलते-चलते "भाईजान" की तबीयत का हाल भी बता दें. आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान खान डेंगू से रिकवर हो रहे हैं. बीमार होने के चलते उनकी फिल्म शूटिंग रुकी हुई है. उम्मीद है सलमान जल्दी ही सेट पर लौटेंगे. आजकल बिग बॉस करण जौहर होस्ट कर रहे हैं. उनके ऊपर प्रतियोगियों से पक्षपात करने के आरोप लग रहे हैं. "भाई" आ जाएं तो सब ठीक हो. ऐसा कहा जा रहा है.
डेंगू से बचाव के उपाय- छोटे डिब्बों और ऐसे स्थानों से पानी निकालें जहां पानी बराबर भरा रहता है.
- हफ्ते में एक बार कूलर का पानी जरूर बदलें.
- घर में कीटनाशक दवाएं छिड़कें.
- बच्चों को ऐसे कपड़े पहनाएं जिनसे उनके हाथ-पांव पूरी तरह से ढके रहें.
- सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें.
- मच्छर भगाने वाली दवाइयों/वस्तुओं का इस्तेमाल करें.
- टंकियों और बर्तनों को ढककर रखें.
- सरकार के स्तर पर किए जाने वाले कीटनाशक छिड़काव में सहयोग करें.
- जरूरत होने पर जले हुए तेल या मिट्टी के तेल को नालियों में और इकट्ठा हुए पानी पर डालें.
- अगर इन सबके बाद भी डेंगू हो गया है,mn तो इलाज के लिए तुरंत पास के अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र में जाएं.
डेंगू के मरीज को प्लेटलेट्स की जगह चढ़ाया मौसंबी का जूस? मौत हो गई

